थाने से 300 मीटर दूर चल रहा था शराब का धंधा, छापेमारी में 26.625 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

Written by Sanjay Kumar

Published on:

आर संतोष भारती
कतरीसराय (अपना नालंदा)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद कतरीसराय थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार का मामला सामने आया है। थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित जवाहर चक टोला में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की और एक धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि जवाहर चक टोला निवासी दशरथ यादव के घर में अवैध रूप से शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने घर की तलाशी ली। छापेमारी के दौरान एक कमरे से 500 एमएल की 48 कैन बीयर तथा 375 एमएल की सात बोतल रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की बरामद हुई। कुल 55 बोतलों में 26.625 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
पुलिस ने मौके से दशरथ यादव (पुत्र रमन यादव), निवासी जवाहर चक टोला, को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच इस बात की चर्चा रही कि थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर शराब का अवैध कारोबार संचालित होना कई सवाल खड़े करता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि गुप्त सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप शराब बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment