वन्यप्राणी सप्ताह 2026 समाचार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। वन्यप्राणी सप्ताह 2026 के अवसर पर राजगीर जू सफारी में वन्यजीव एवं जैव विविधता संरक्षण को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 4 अक्टूबर को राजगीर जू सफारी एवं मगध कंजर्वेशन ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में ‘बर्ड एवं बटरफ्लाई वॉक’ का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में 30 प्रतिभागियों ने राजगीर जू सफारी के प्राकृतिक वातावरण में विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों और तितलियों का अवलोकन किया। बर्ड एवं बटरफ्लाई वॉक के दौरान करीब 20 प्रजातियों के पक्षियों और 40 प्रकार की तितलियों की साइटिंग दर्ज की गई। प्रतिभागियों को स्थानीय जैव विविधता, पारिस्थितिकी तंत्र में पक्षियों एवं तितलियों की भूमिका तथा इनके संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान ‘राजगीर जू सफारी एवं राजगीर वन्यजीव अभयारण्य के पक्षी : पहचान एवं संरक्षण की क्षेत्रीय मार्गदर्शिका’ पुस्तक का आधिकारिक विमोचन राजगीर जू सफारी के निदेशक राम सुंदर एम. द्वारा किया गया। पुस्तक में राजगीर क्षेत्र में पाए जाने वाले पक्षियों की पहचान और संरक्षण से संबंधित उपयोगी जानकारी दी गई है। यह वन्यजीव प्रेमियों, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, प्रकृति प्रेमियों और क्षेत्रीय कर्मचारियों के लिए संदर्भ सामग्री के रूप में उपयोगी होगी।
राजगीर जू सफारी के निदेशक राम सुंदर एम. ने कहा कि राजगीर का प्राकृतिक परिदृश्य जैव विविधता की दृष्टि से बेहद समृद्ध है। पक्षी और तितलियां स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र के महत्वपूर्ण संकेतक हैं। बर्ड एवं बटरफ्लाई वॉक जैसे आयोजन लोगों को प्रकृति के करीब लाने और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि पुस्तक के माध्यम से वैज्ञानिक जानकारी को सरल एवं उपयोगी रूप में लोगों तक पहुंचाने तथा संरक्षण कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया गया है।







