कार्यपालक सहायक संघ के चुनाव में अमित राज अध्यक्ष, मुकेश कुमार जिला मंत्री निर्विरोध निर्वाचित

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अखिलेंद्र कुमार

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। बिहार राज्य कार्यपालक सहायक सेवा संघ (बेएसा) की जिला इकाई नालंदा का चुनाव रविवार को कृषि कार्यालय, बिहारशरीफ के सभागार में संपन्न हुआ। संघीय कार्यों के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न पदों पर चुनाव कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। चुनाव के दौरान संघ के प्रदेश महासचिव सुधीर कुमार सिंह उपस्थित रहे।

अध्यक्ष पद पर अमित राज तथा जिला मंत्री पद पर मुकेश कुमार निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं अन्य पदों पर चुनाव के बाद उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक कुमार, सहायक जिला मंत्री के पद पर रौशन कुमार सिंह तथा कोषाध्यक्ष पद पर मनीष कुमार निर्वाचित हुए।

संयुक्त मंत्री के पद पर कौशल कुमार, जितेन्द्र कुमार, मंजीत कुमार एवं अंकुर विकास पटेल को चुना गया। वहीं मीडिया प्रभारी के पद पर अभिषेक कुमार एवं विक्रम कुमार निर्वाचित हुए। चुनाव में कुल 405 कार्यपालक सहायकों ने सभा स्थल पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। इसके बाद सभा को संबोधित करते हुए संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में जिला मुख्यालय से लेकर पंचायत स्तर तक सरकारी कार्यालयों में कार्यपालक सहायक लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने डिजिटल बिहार के निर्माण में कार्यपालक सहायकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

पदाधिकारियों ने कहा कि 15 वर्षों से अधिक समय से सेवा देने के बावजूद कार्यपालक सहायक संविदा पर कार्यरत हैं और अल्प मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करने को मजबूर हैं। नवनिर्वाचित कमिटी ने समान कार्य के लिए समान वेतन एवं राज्यकर्मी का दर्जा दिलाने के लिए संवैधानिक तरीके से आंदोलन करने की बात कही। प्रदेश स्तर पर जल्द ही आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर सरकार के समक्ष रखने की जानकारी दी गई।

Leave a Comment