छठ से पहले संगम घाट की सफाई तेज, डीएम ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार

जहानाबाद(अपना नालंदा)। आगामी छठ पूजा को देखते हुए संगम घाट को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने विशेष पहल शुरू की है। नगर परिषद एवं जिला गंगा समिति, नमामि गंगे के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ थीम पर संगम घाट परिसर में स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति ने किया।

अभियान के दौरान जिला प्रशासन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता कर्मियों एवं नगर परिषद के कर्मियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान किया। सभी ने संगम घाट एवं उसके आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के माध्यम से लोगों को सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को साफ रखने का संदेश दिया गया।

छठ थीम पर हो रही आकर्षक पेंटिंग

आगामी छठ पूजा के मद्देनजर संगम घाट के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। घाट परिसर की सफाई के साथ-साथ घाट की दीवारों एवं सीढ़ियों पर छठ पूजा की थीम आधारित आकर्षक पेंटिंग और जन-जागरूकता संदेशों का चित्रांकन किया जा रहा है। जिला पदाधिकारी ने स्वयं पेंटिंग में रंग भरकर इस पहल में सहभागिता की। उन्होंने कार्य में जुटे कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए संगम घाट को स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक बनाने के लिए प्रेरित किया।

स्वच्छता सबकी सामूहिक जिम्मेदारी

जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आम लोगों से संगम घाट सहित जिले के सभी सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की।

जिला गंगा समिति एवं नगर परिषद की ओर से आमजनों से अपील की गई कि कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें। नदी और घाट को किसी भी प्रकार से प्रदूषित न करें तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पीयूष, अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) तेज नारायण राय, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा, निदेशक लेखा प्रशासन-सह-नोडल पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार मिश्रा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी निपुण कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी, नगर परिषद कर्मी एवं स्वच्छता कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Comment