हरिओम कुमार
हरनौत(अपना नालंदा)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुराने सहयोगी और जदयू के वरिष्ठ नेता अनिल सिंह का रविवार को निधन हो गया। वे करीब 64 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके शरीर के आंतरिक अंग सही ढंग से कार्य नहीं कर रहे थे, जिसके कारण उन्हें पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में भर्ती कराया गया था। रविवार दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली।
जदयू प्रखंड अध्यक्ष रविकांत कुमार ने बताया कि अनिल सिंह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजनीतिक जीवन के शुरुआती दौर से ही उनके विश्वस्त सहयोगी रहे थे। जदयू के कई बड़े नेताओं से भी उनके घनिष्ठ संबंध थे। वे अत्यंत मृदुभाषी, विनम्र और समाज के प्रति सजग व्यक्ति थे, जिसके कारण उनका समाज में विशिष्ट स्थान था। उनके आकस्मिक निधन से क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
उनकी अंतिम यात्रा में जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने उनके पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। जदयू के जिलाध्यक्ष मोहम्मद अरशद, कोषाध्यक्ष रंजीत, प्रदेश महासचिव संजयकांत, बंटी, चंदू सहित अन्य नेताओं ने भी माल्यार्पण कर उन्हें अंतिम विदाई दी।