संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। भारत सरकार के “स्वच्छता ही सेवा 2026” अभियान के तहत ‘30 दिन, 100 कार्यक्रम—सेवा संकल्प’ अभियान के अंतर्गत रविवार को बिहारशरीफ नगर निगम की ओर से बड़ी दरगाह में विशेष जन-साफ-सफाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक स्थल की साफ-सफाई करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान में बिहारशरीफ की महापौर अनिता देवी, उपमहापौर आईशा शाहीन, नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य पप्पू यादव, उप नगर आयुक्त शम्स रज़ा, सहायक लोक स्वच्छता व अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी विनय कुमार, कुंदन कुमार, वार्ड पार्षदगण, सफाई पर्यवेक्षक एवं स्वच्छता कर्मियों ने सहभागिता की।

नगर निगम के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मिलकर बड़ी दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के साथ-साथ आम लोगों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहर के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है। अभियान के माध्यम से लोगों से अपने आसपास गंदगी नहीं फैलाने तथा कचरे का उचित प्रबंधन करने की अपील की गई।
नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन ने शहरवासियों से नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, गली और मोहल्ले को साफ एवं स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही बिहारशरीफ को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सकता है।







