अजीत कुमार
जहानाबाद(अपना नालंदा)। जिले के युवाओं को तकनीकी एवं रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई। जहानाबाद में डॉ. महेंद्र प्रसाद सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (स्किल डेवलपमेंट सेंटर) का भव्य उद्घाटन किया गया। केंद्र का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पदाधिकारी, जहानाबाद तथा आदित्य कुमार पियूष, उप विकास आयुक्त, जहानाबाद उपस्थित रहे। अतिथियों ने फीता काटकर सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने सेंटर में उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं का जायजा लिया तथा युवाओं के लिए संचालित किए जाने वाले विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली।

यह कौशल विकास केंद्र एरिस्टो फार्मास्यूटिकल्स ग्रुप ऑफ कंपनीज की CSR इकाई एरिश्मा चैरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई के सहयोग से मेधावी फाउंडेशन द्वारा संचालित किया जाएगा। केंद्र की स्थापना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को केवल सैद्धांतिक जानकारी देने के बजाय व्यावहारिक एवं रोजगार से सीधे जुड़े कौशल से प्रशिक्षित करना है।
केंद्र में फिलहाल Electrician तथा FTCP – Computer Based जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को तकनीकी दक्षता, कंप्यूटर आधारित कार्यों तथा संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को रोजगार और करियर के बेहतर अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उद्घाटन के दौरान जिला पदाधिकारी ने कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के बदलते रोजगार बाजार में युवाओं के लिए तकनीकी एवं व्यावहारिक दक्षता बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाकर अपनी क्षमता को विकसित करने और रोजगार के नए अवसर तलाशने का आह्वान किया।

बताया गया कि यह कौशल विकास पहल Aristo फार्मा कंपनी के एमडी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आगे बढ़ाई जा रही है। कंपनी की CSR पहल के माध्यम से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
समारोह में अमरेंद्र कुमार, भाजपा महामंत्री, जहानाबाद, जितेश कुमार सहित अन्य अतिथि एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षण केंद्र की विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया और प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में Aristo फार्मा कंपनी की CSR टीम की ओर से वरिष्ठ प्रबंधक राहुल सिंह तथा CSR विभाग के पदाधिकारी साकेत कुमार, अनुराग गुंजन, अभिषेक कुमार, कृष्णा मुरारी शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को टूना जी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
डॉ. महेंद्र प्रसाद सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के शुरू होने से जहानाबाद जिले के युवाओं के लिए तकनीकी प्रशिक्षण का एक नया अवसर उपलब्ध हुआ है। आने वाले समय में इस केंद्र के माध्यम से युवाओं को उनकी रुचि और रोजगार बाजार की मांग के अनुसार प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किए जाने की उम्मीद है।







