हिलसा (अपना नालंदा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने एवं उनके जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर रविवार को हिलसा में हिलसा विधानसभा स्तरीय बैठक हुई। अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष मंजय कुमार चंद्रवंशी ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री सह कार्यक्रम पदाधिकारी योगेंद्र कुमार मंडल ने किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, समाज के सभी वर्गों के कल्याण और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत लाभार्थी शाम सात बजे घरों में दीप जलाएंगे। 23 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विद्यालयों में ‘सेवा चित्र’ के तहत चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता होगी। ‘सेवा संस्मरण’ के माध्यम से संगीत व नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे।
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेविका-सहायिका सम्मान तथा फल-मिठाई वितरण होगा। 1 से 7 अक्टूबर तक ‘सेवा सेतु’ के तहत जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए शिविर लगेंगे। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ तथा 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ होगा।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अर्जुन प्रसाद विश्वकर्मा ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में जिला उपाध्यक्ष अरविंद पटेल, महेंद्र यादव, गौरव प्रकाश, अमित कुमार, आशुतोष कुमार, राजीव कुमार, धनंजय कुमार, साहिल पटेल, रजनीश कुमार, सुरेश प्रसाद सिंह, पूनम कुमारी, बबिता कुमारी और कंचन कुमारी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







