नालंदा कॉलेज में हिन्दी दिवस पर पोस्टर प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा कॉलेज के हिन्दी विभाग की ओर से सोमवार को हिन्दी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं ने हिन्दी भाषा के महत्व, भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और हिन्दी के गौरव से जुड़े विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर बनाए।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सुनीता सिन्हा ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों का बारीकी से निरीक्षण किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हिन्दी हम सबका अभिमान और भारत देश की शान है। उन्होंने कहा कि हिन्दी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और भावनाओं को एक-दूसरे से जोड़ने वाली सशक्त भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग और प्रचार-प्रसार की अपील की।

हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. कुमारी चंपा ने कहा कि हिन्दी किसी वर्ग या संप्रदाय विशेष की भाषा नहीं है। यह जनमानस के व्यापक सांस्कृतिक समन्वय का परिणाम है। वरिष्ठ शिक्षक प्रो. श्याम सुंदर प्रसाद ने कहा कि हिन्दी एक सरल भाषा है, इसे अपनाकर देखने पर इसकी सहजता का अनुभव होगा और कई कठिनाइयां स्वतः दूर हो जाएंगी।

छात्र अंकित कुमार ने कहा कि हम केवल हिन्दी भाषा नहीं पढ़ते, बल्कि भाषा के माध्यम से राष्ट्र की चेतना, संस्कृति और तर्कशीलता का निर्माण करते हैं।

पोस्टर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार स्नातक और तीन स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। स्नातक वर्ग में सूरज पटेल (सेमेस्टर-3), पुष्पा कुमारी (सेमेस्टर-7), रिया कुमारी (सेमेस्टर-7) एवं अनुज कुमार (सेमेस्टर-5) तथा स्नातकोत्तर वर्ग में अर्चना कुमारी, आदित्या कुमार एवं अंजली कुमारी (सभी सेमेस्टर-3) शामिल रहे।

Leave a Comment