जिलाधिकारी ने जनता दरबार में 26 आवेदकों की समस्याएं सुनी, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

Written by Subhash Rajak

Published on:

बिहारशरीफ। जिला समाहरणालय परिसर में गुरुवार को आयोजित दैनिक जनता दरबार में नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दरबार में कुल 26 मामलों को प्रस्तुत किया गया, जिनमें व्यक्तिगत, सामाजिक और प्रशासनिक समस्याएं शामिल थीं।

एक आवेदक ने शिकायत की कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद गलत आश्रित के नाम पर नौकरी दे दी गई है। इस गंभीर मामले के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने जिला सामान्य शाखा, नालंदा को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

एक महिला आवेदिका ने ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ना की शिकायत की। जिलाधिकारी ने इस मामले को महिला विकास निगम, बिहारशरीफ के जिला परियोजना प्रबंधक को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया।

एक अन्य भूमि विवाद मामले में, जहाँ भूमि पर जबरन अतिक्रमण और विवाद उत्पन्न होने की बात कही गई, जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी गिरियक और थानाध्यक्ष गिरियक को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

राजगीर क्षेत्र के एक भूमि विवाद के संदर्भ में जिलाधिकारी ने भूमि सुधार उप समाहर्ता, राजगीर को आवश्यक कदम उठाने का आदेश दिया।

हरनौत प्रखंड के ग्राम भेड़िया में श्री गणेश धाम मंदिर को जमीन दान देने के प्रस्ताव पर जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी, हरनौत को मामले की जांच कर उचित कार्यवाही करने को कहा।

नाली-गली में गंदे पानी की निकासी अवरुद्ध होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, नालंदा को निर्देशित किया कि वे स्थल पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

इसके अतिरिक्त अन्य सभी आवेदनों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मामलों की गहराई से जांच कर त्वरित निष्पादन करें।

Leave a Comment