कृष्णा दांत एवं आंख अस्पताल में गांधी-शास्त्री जयंती पर चला स्वच्छता अभियान

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। राजगीर स्थित कृष्णा दांत एवं आंख अस्पताल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत अस्पताल परिसर में दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान अस्पताल के निदेशक, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों ने उनके बताए सत्य, अहिंसा और सादगी के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर नेत्र चिकित्सक डॉ. रजनीश रंजन ने कहा कि महात्मा गांधी ने देशवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देश के किसानों और जवानों के सम्मान को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।

गांधी जयंती के अवसर पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। अस्पताल कर्मियों ने साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम में नगर परिषद राजगीर की पूर्व मुख्य पार्षद एवं समाजसेवी अनिता कुमारी गुप्ता ने कहा कि हमें देश के महान सपूतों एवं शहीदों के योगदान को याद करते रहना चाहिए। इससे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलेगी और अधिक लोग समाजसेवा के क्षेत्र में आगे आएंगे।

मौके पर लौह पुरुष पूज्य सोहम् मुनि जी महाराज, समाजसेवी एवं दंत सहायक रमेश कुमार पान, मुखी राम विलास प्रसाद, मंजू देवी, निर्मला देवी, उषा देवी, अरुण कुमार, मुकेश कुमार, सुनील कुमार सहित अस्पताल के सभी कर्मी मौजूद रहे। अंत में गांधी जी एवं शास्त्री जी को नमन करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

Leave a Comment