बिहारशरीफ में आरजेडी की सामाजिक न्याय परिचर्चा, सांसद सुधाकर सिंह बोले—भ्रष्टाचार के दलदल में फंसी डबल इंजन सरकार

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।मंगलवार को साई पैलेस, बिहारशरीफ में राष्ट्रीय जनता दल द्वारा “सामाजिक न्याय परिचर्चा” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं सांसद सुधाकर सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। “नल-जल योजना पूरी तरह फेल है, और कई पुल-पुलियों का निर्माण भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। प्रखंड से लेकर सचिवालय तक भ्रष्टाचार का बोलबाला है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “आज देश की सरहदें भी सुरक्षित नहीं हैं।”

सुधाकर सिंह ने कहा कि जेडीयू अब सिर्फ नालंदा जिले की पार्टी बनकर रह गई है, और आगामी चुनाव में जनता के आशीर्वाद से तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने तेजस्वी को ‘यूथ आइकॉन’ बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरजेडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुबोध मेहता ने कहा कि तेजस्वी यादव की बढ़ती लोकप्रियता से एनडीए गठबंधन घबराहट में है। वहीं, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका भारती ने कहा कि तेजस्वी सरकार बनने पर महिलाओं को “मां-बहन योजना” के तहत ₹2500 प्रतिमाह सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से “बूथ जीतो, चुनाव जीतो” एजेंडे पर काम करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विधायक अमर पासवान, पूर्व विधायक सतीश कुमार और डा. रविकांत ने संगठन की मजबूती और तेजस्वी यादव के 17 माह के उपमुख्यमंत्री कार्यकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता रहुई प्रखंड अध्यक्ष मंटू यादव ने की, जबकि संचालन महानगर अध्यक्ष खुर्शीद अंसारी ने किया।

उपस्थित गणमान्य लोगों में शामिल रहे:
जिलाध्यक्ष अशोक कुमार हिमांशु, जिला प्रधान महासचिव सुनील यादव, पप्पू खान, सुनील साव, हमायू अख्तर तारीक, डॉ. आइशा फातिमा, प्रो. खालिद, दीपक कुमार सिंह, पप्पू यादव, कल्लू मुखिया, सरफराज खान, टनटन खान, शेखर यादव सहित सभी वार्ड अध्यक्ष और बूथ अध्यक्षगण।

Leave a Comment