संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)।आप सबकी आवाज़ (राष्ट्रीय) “आसा” का नालंदा जिला कार्यकर्ता सम्मेलन शुक्रवार को सरदार पटेल स्टेडियम, नालंदा में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं उद्घाटनकर्ता भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा ‘आसा’ के संस्थापक अध्यक्ष रामचंद्र प्रसाद सिंह (RCP सिंह) रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रियदर्शी अशोक (राष्ट्रीय महासचिव सह विधानसभा प्रभारी) ने की तथा संचालन प्रगति आनंद, जिला अध्यक्ष (नारी शक्ति प्रकोष्ठ, नालंदा) ने किया।
नारी शक्ति प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्षा जयंती पटेल ने कहा कि नालंदा विधानसभा क्षेत्र बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। जब ‘आसा’ का प्रतिनिधि इस क्षेत्र से चुना जाएगा, तभी यहां खुशहाली आएगी।
अध्यक्षता कर रहे प्रियदर्शी अशोक ने कहा कि जब हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष RCP सिंह आईएएस अधिकारी थे, तब उनके प्रशासनिक कौशल से बिहार में सुशासन की नींव रखी गई थी।
प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह पटेल ने कहा कि जब RCP सिंह के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार थे, तब बिहार प्रगति कर रहा था। लेकिन साजिश के तहत उन्हें हटाया गया, क्योंकि वे दलितों और पिछड़ों को सत्ता में भागीदारी दिलाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक और विधायी दोनों क्षेत्रों में RCP सिंह ने उत्कृष्ट कार्य किए हैं।
मुख्य वक्तव्य में RCP सिंह ने कहा
नालंदा विधानसभा के वर्तमान विधायक पिछले 35 वर्षों से निर्वाचित होते आ रहे हैं, लेकिन क्षेत्र की हालत आज भी जर्जर है। उन्होंने कहा कि जहां सम्मेलन हो रहा है, वह स्थल केवल बाउंड्री बनाकर ‘स्टेडियम’ कह दिया गया है, जबकि कोई सुविधा नहीं है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि सहित हर क्षेत्र में नालंदा और बिहार पिछड़ा हुआ है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलता, शिक्षा की स्थिति इतनी खराब है कि सर्वे के अनुसार कक्षा 5 के छात्र कक्षा 3 की किताब नहीं पढ़ पा रहे हैं।
उन्होंने ऐलान किया कि उनकी सरकार बनने पर—
- बेटियों को MA तक मुफ्त शिक्षा और कोचिंग की सुविधा दी जाएगी,
- युवाओं को रोजगार मिलने तक वित्तीय सहायता दी जाएगी,
- नारी शक्ति सम्मान योजना के तहत अन्य दलों की तुलना में 100 रुपये अधिक डीबीटी राशि दी जाएगी,
किसानों को केंद्र सरकार से अधिक सम्मान निधि और पेंशन योजना मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ‘आसा’ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सम्मान को हर नागरिक का अधिकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और बिहार को खुशहाल बनाएगी।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ललिता सिंह, संजय कुमार सिन्हा चपू सिंह, डॉ. रंजीत पटेल, सुनील प्रसाद, गौतम प्रसाद, पूनम कुमारी, सीमा कुमारी, डॉ. जगन्नाथ गुप्ता, प्रवीण चंद्रवंशी, मानिक चंद्र कुशवाहा, रणधीर यादव, गौरव मिश्रा, गौतम पासवान, सुनील कुमार, मुकेश कुशवाहा, उपेंद्र कुमार कुशवाहा, रंजीत पटेल, खुशबू कुमारी, प्रियंका कुमारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।