संजय वर्मा
नवादा (अपना नालंदा)। नवादा जिले के नरहट प्रखंड अंतर्गत बिहारी बिगहा गांव में मंगलवार की शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान गिरजा देवी (45 वर्ष), पति मुनि यादव, निवासी बिहारी बिगहा के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार गिरजा देवी मंगलवार शाम गांव के पास खेतों की ओर जानवर चराने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने का प्रयास कर रही महिला अचानक वज्रपात की चपेट में आ गईं, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले परिवार को सरकार की ओर से तत्काल सहायता मिलनी चाहिए।
इधर मौसम विभाग ने लगातार खराब मौसम और आकाशीय बिजली को लेकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे तथा खेतों में जाने से बचने की सलाह दी है।
खेत में जानवर चरा रही महिला पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर दर्दनाक मौत
Written by Sanjay Kumar
Published on:







