औंगारी धाम सूर्य मंदिर में भोला बाबू ने किया डीलक्स सार्वजनिक शौचालय का उद्घाटन

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार
औंगारी (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के एकंगरसराय प्रखंड स्थित ऐतिहासिक औंगारी धाम सूर्य मंदिर में छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डीलक्स सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। 14 नवंबर को एयरस्टो फार्मा कंपनी के एमडी उमेश शर्मा उर्फ भोला बाबू ने विधिवत उद्घाटन कर इसे आम जनता को समर्पित किया। यह निर्माण उनकी कंपनी के सीएसआर फंड से कराया गया है।
इस अवसर पर आयोजित अभिनंदन सह सम्मान समारोह में बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा के सांसद कौशलेंद्र प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं स्थानीय लोगों ने भोला बाबू का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। मंच पर उपस्थित अतिथियों को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।


बताया जाता है कि औंगारी धाम में छठ महापर्व और रविवार के अवसर पर हजारों श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। मेले के दौरान शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं होने से महिलाओं एवं अन्य श्रद्धालुओं को काफी परेशानी होती थी। स्थानीय लोगों ने इस समस्या से भोला बाबू को अवगत कराया था। उन्होंने सार्वजनिक शौचालय निर्माण कराने का आश्वासन दिया था। अपने वादे को पूरा करते हुए उन्होंने निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूरा कराया और उद्घाटन कर जनता को सौंप दिया।
इस कार्य की निगरानी सीएसआर कंपनी के प्रमुख राहुल कुमार, अभिषेक कुमार, अनुराग एवं अन्य कर्मचारियों ने की। निर्माण कार्य को समय पर पूरा कराने में भोला बाबू के प्रतिनिधि टूना जी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समारोह को संबोधित करते हुए उमेश शर्मा उर्फ भोला बाबू ने कहा कि जनता की परेशानी को अपनी परेशानी समझना चाहिए। औंगारी धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिले, इसी उद्देश्य से शौचालय का निर्माण कराया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मंदिर परिसर के विकास के लिए आगे भी हरसंभव सहयोग करेंगे। ट्रस्ट की ओर से उन्हें विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित मांग पत्र भी सौंपा गया। उन्होंने कहा कि मांगों पर विचार कर जरूरत के अनुसार सहयोग किया जाएगा।

पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व का केंद्र है औंगारी धाम

औंगारी धाम सूर्य मंदिर अपनी अनूठी स्थापत्य कला और पौराणिक मान्यताओं के कारण देशभर में प्रसिद्ध है। मंदिर के पुजारी के अनुसार, देश के अधिकांश प्राचीन सूर्य मंदिरों का मुख्य द्वार पूर्व दिशा की ओर होता है, लेकिन औंगारी धाम का मुख्य द्वार पश्चिम दिशा की ओर है। मान्यता है कि यहां अस्ताचलगामी सूर्य की किरणें सीधे गर्भगृह में विराजमान भगवान भास्कर की प्रतिमा पर पड़ती हैं।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब ने कुष्ठ रोग से मुक्ति पाने के लिए इस स्थान पर कठोर तपस्या कर सूर्य देव की आराधना की थी और मंदिर की स्थापना की थी। प्राचीन काल में यह क्षेत्र अंगारक के नाम से जाना जाता था, जो बाद में औंगारी कहलाया।
मंदिर परिसर के समीप स्थित विशाल ऐतिहासिक तालाब का भी विशेष धार्मिक महत्व है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि इस पवित्र सरोवर में स्नान करने से चर्म रोगों से मुक्ति मिलती है। मन्नत पूरी होने पर भक्त दंडवत प्रणाम करते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। कार्तिक और चैती छठ के दौरान यहां दूर-दराज के क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर भोला बाबू ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान समर्थकों और स्थानीय लोगों ने उनके स्वागत में नारे लगाए। उन्होंने भविष्य में भी औंगारी धाम आने और विकास कार्यों में सहयोग करने का भरोसा दिया। इसके बाद वे अपने काफिले के साथ रवाना हो गए।

Leave a Comment