संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। लोक आस्था, पवित्रता और प्रकृति के प्रति समर्पण का महापर्व छठ पूजा शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। इस अवसर पर डैफोडिल पब्लिक स्कूल, आवासीय परिसर मंगला स्थान, बिहारशरीफ में छठ महापर्व का प्रथम अनुष्ठान नहाय-खाय पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पारंपरिक दाल-कद्दू के महत्व को भी विशेष रूप से दर्शाया गया।
विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को छठ महापर्व की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्ता से परिचित कराया गया। इस दौरान बिहार की समृद्ध लोक परंपराओं, संस्कृति, स्वच्छता, आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के भाव को समझाया गया।

कार्यक्रम में बताया गया कि छठ महापर्व का पहला दिन नहाय-खाय आत्मशुद्धि, पवित्रता और सात्विक जीवन का संदेश देता है। इस दिन व्रती पवित्र स्नान के बाद शुद्ध एवं सात्विक भोजन ग्रहण कर चार दिवसीय कठिन व्रत का संकल्प लेते हैं। परंपरा के अनुसार लौकी की सब्जी (कद्दू), चने की दाल और अरवा चावल का विशेष महत्व है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. रवि चंद कुमार ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति, अनुशासन, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ती है।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। साथ ही भगवान सूर्य और छठी मैया से सभी के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।







