अखिलेंद्र कुमार
पटना (अपना नालंदा)। तेजस्वी फैन्स एसोसिएशन ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, पटना कार्यालय में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कुमारी संजू उर्फ संजू कुमारी के भुगतान का मामला उठाया है। संगठन की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में संजू कुमारी की नियुक्ति को फर्जी एवं अवैध बताते हुए उनके पक्ष में किए गए कथित भुगतान की जांच और कार्रवाई की मांग की गई।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि तेजस्वी फैन्स एसोसिएशन द्वारा वर्ष 2021 में संजू कुमारी की नियुक्ति को लेकर शिकायत एवं मामले का उद्भेदन किया गया था। विभागीय कार्रवाई के बाद 19 अगस्त 2023 को उन्हें सेवा से मुक्त कर दिया गया। इसके बाद क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, पटना प्रमंडल के समक्ष दायर अपील 16 नवंबर 2023 को खारिज कर दी गई।
संगठन के अनुसार, इसके बाद सीडब्ल्यूजेसी संख्या 17872/2023 के माध्यम से उच्च न्यायालय में मामला पहुंचा, जहां निर्धारित अवधि में पुनः कार्रवाई कर निर्णय लेने का निर्देश दिया गया। इस बीच 28 फरवरी 2025 को संजू कुमारी सेवानिवृत्त हो गईं। वर्ष 2026 में सीडब्ल्यूजेसी संख्या 7465/2026 के माध्यम से पुनः न्यायालय का दरवाजा खटखटाया गया। इसके बाद शिक्षा विभाग के सचिव के पत्रांक 2688, दिनांक 16 सितंबर 2026 के माध्यम से नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि अंतिम निर्णय से पहले ही विभिन्न मदों में भुगतान कर दिया गया। संगठन ने भुगतान की जांच, राशि की वसूली और जिम्मेदार अधिकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।







