हरनौत के अनुपम कुमार का भारतीय बधिर एथलेटिक्स टीम में हुआ चयन

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार

हरनौत (अपना नालंदा)। हरनौत प्रखंड के अनुपम कुमार का चयन भारतीय बधिर एथलेटिक्स टीम में हुआ है। वे मलेशिया के पेनांग में 3 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली प्रथम एशिया पैसिफिक डेफ मल्टी-स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। अनुपम 2 अक्टूबर को दिल्ली से मलेशिया के लिए रवाना होंगे।

अनुपम के पिता पप्पू यादव और दादा सुरेंद्र यादव हैं। उनकी मेहनत, परिवार का सहयोग और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। उनके चयन से हरनौत सहित नालंदा के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

अनुपम के खेल सफर में नालंदा के कोच कुंदन कुमार पांडेय और नालंदा लक्ष्य खेल अकादमी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वर्तमान में वे गुरुग्राम स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में कोच जितेंद्र कुमार से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ किशोरी जाजोदिया ने भी उनका सहयोग किया है।

अनुपम के चयन पर हरनौत नगर पंचायत के उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सह समाजसेवी सुरेश सिंह, बिहार स्पोर्ट्स काउंसिल ऑफ द डेफ (बीएससीडी) के महासचिव मोहम्मद अतहर अली, डेफ काउंसिल ऑफ नालंदा की जिला इकाई तथा नालंदा लक्ष्य खेल अकादमी से जुड़े प्रमोद कुमार, विनय कुमार, सत्यनाम कबीर, रवि कुमार, ओमप्रकाश पटेल और विकास कुमार सहित अन्य लोगों ने बधाई दी।

सभी ने अनुपम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन कर देश और नालंदा का नाम रोशन करने की शुभकामना दी।

Leave a Comment