कौआकोल में हाथियों का आतंक, जेपी आश्रम और कई घरों को पहुंचाया भारी नुकसान

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय वर्मा
नवादा (अपना नालंदा)। नवादा जिले के कौआकोल प्रखंड में सोमवार की रात जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के आतंक से सोखोदेवरा और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल कायम हो गया। हाथियों ने कई घरों, फसलों तथा ऐतिहासिक जेपी आश्रम परिसर को भारी नुकसान पहुंचाया। हालांकि इस दौरान आश्रमकर्मी बाल-बाल बच गए।

ग्रामीणों के अनुसार हाथियों का झुंड सबसे पहले सोखोदेवरा के बेंगवाटांड़ टोला पहुंचा, जहां कई घरों और मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा केला सहित कई फसलों और पौधों को भी रौंद डाला। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों ने पनसगवा जंगल में वन विभाग द्वारा लगाए गए नर्सरी को भी नष्ट कर दिया।

इसके बाद हाथियों का झुंड प्रखंड के ऐतिहासिक धरोहर जेपी आश्रम पहुंच गया। वहां हाथियों ने आश्रम की चहारदीवारी, जेपी निवास तथा अन्य हिस्सों में जमकर तोड़फोड़ की। अचानक हाथियों के पहुंचने से आश्रम परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई आश्रमकर्मी जान बचाकर भागे। हाथियों ने आश्रम परिसर में लगे मोटर पंप सहित अन्य सामानों को भी नुकसान पहुंचाया।

ग्राम निर्माण मंडल के प्रधानमंत्री अरविंद कुमार ने बताया कि इससे पहले भी हाथियों के झुंड ने आश्रम की दीवार को नुकसान पहुंचाया था, लेकिन इस बार जेपी निवास को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की जा रही है।

Leave a Comment