राजगीर में सम्पन्न हुआ भारतीय किसान संघ का तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग, महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने किया समापन

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। पूज्य स्वामी जगजीवन जी महाराज सरस्वती विद्या मंदिर, राजगीर में भारतीय किसान संघ उत्तर-पूर्व क्षेत्र (बिहार-झारखंड) का तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शनिवार को विधिवत रूप से सम्पन्न हुआ। समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र उपस्थित रहे और उन्होंने वर्ग का समारोप किया।

अपने उद्बोधन में श्री मिश्र ने कहा कि वर्ष 1770 से आरंभ हुआ विदेशी शक्तियों का शोषण आज भी विभिन्न रूपों में जारी है। उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यह शोषण विश्व बैंक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और विश्व व्यापार संगठन (WTO) जैसे संस्थानों के माध्यम से हुआ और अब ‘टैरिफ युद्ध’ (Tariff War) इसका नया स्वरूप है।

भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि नौकरशाही द्वारा मुआवजे के प्रावधानों में जानबूझकर की गई जटिलताओं से किसानों को उचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हमें यह नहीं देखना चाहिए कि दुनिया क्या कर रही है, बल्कि हमें ऐसे कार्य करने चाहिए जिनका अनुसरण पूरी दुनिया करे। गांवों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के साथ समरस समाज की स्थापना ही संगठन का मुख्य उद्देश्य है।

रासायनिक खादों के दुष्प्रभावों पर चिंता जताते हुए श्री मिश्र ने कहा कि इससे भूमि, अन्न और जल विषाक्त हो रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप कैंसर जैसी गंभीर बीमारियाँ तेजी से फैल रही हैं। उन्होंने गौ-आधारित प्राकृतिक कृषि को अपनाने का आग्रह किया।

श्री मिश्र ने यह भी कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर ग्राम समिति स्तर तक के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करें और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि मजबूत कार्यकर्ता ही मजबूत संगठन की नींव होते हैं और ऐसा संगठन ही समाज व राष्ट्र को सशक्त बना सकता है।

इस अवसर पर अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश दत्तात्रेय कुलकर्णी, हेमराज जी, प्रकाश नारायण तिवारी, ब्रह्मदेव प्रसाद, परमानंद चांदवाला, मनोज कुमार, बलिराम सिंह, पवन कुमार, अशोक शर्मा, लखीचंद जी, जयकुमार सिंह, दीपक उरांव, अचल जी, धन्नजय कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय किसान संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष हरिवंश नारायण सिंह ने की तथा संचालन महामंत्री श्री बाल किशोर पाठक ने किया।

Leave a Comment