अदिति शर्मा और हम्द खान की रोमांटिक केमिस्ट्री से सजा “इश्क ज़ालिम है”, वीनस ओरिजिनल्स पर हुआ रिलीज

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अंसारी मोहसिन की आवाज और रिदम सनाढ्य के निर्देशन ने वीडियो एल्बम को बनाया खास

मुंबई (अपना नालंदा)। बॉलीवुड अभिनेत्री अदिति शर्मा और अभिनेता हम्द खान की जोड़ी पहली बार रोमांटिक वीडियो एल्बम “इश्क ज़ालिम है” में एक साथ नजर आई है। यह वीडियो एल्बम 14 मई को वीनस ओरिजिनल्स यूट्यूब चैनल पर रिलीज कर दिया गया। रिलीज होते ही यह वीडियो सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। दर्शक अदिति शर्मा और हम्द खान की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
“इश्क ज़ालिम है” गीत को बॉलीवुड गायक अंसारी मोहसिन ने अपनी आवाज दी है। खास बात यह है कि उन्होंने ही इस गीत को संगीतबद्ध किया है और इसके बोल भी लिखे हैं। भावनाओं से भरपूर इस गीत ने रिलीज के साथ ही लोगों का ध्यान आकर्षित करना शुरू कर दिया है। गीत के बोल और संगीत दर्शकों के दिलों को छू रहे हैं।
वीडियो एल्बम का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशिका रिदम सनाढ्य ने किया है, जो अब तक करीब 100 वीडियो एल्बम का सफल निर्देशन कर चुकी हैं। उन्होंने अपनी रचनात्मक सोच और निर्देशन शैली से “इश्क ज़ालिम है” को एक अलग पहचान देने का प्रयास किया है। वीडियो में प्रेम, भावनाओं और रिश्तों की गहराई को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है।
निर्देशिका रिदम सनाढ्य ने बताया कि अभिनेत्री अदिति शर्मा बेहद प्रतिभाशाली और मंझी हुई कलाकार हैं। उनके साथ शूटिंग करना काफी सहज और यादगार अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि अदिति ने इमोशनल दृश्यों में शानदार अभिनय किया और अपने किरदार को पूरी ईमानदारी के साथ निभाया। वहीं अभिनेता हम्द खान की भी उन्होंने जमकर सराहना करते हुए कहा कि वे भी एक बेहद मेहनती और समर्पित कलाकार हैं।
वीडियो एल्बम को सोशल मीडिया पर भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। दर्शक वीडियो को लगातार शेयर कर रहे हैं और कलाकारों की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने गीत के संगीत, भावनात्मक प्रस्तुति और कलाकारों की अभिनय क्षमता को वीडियो की सबसे बड़ी ताकत बताया है।
फिल्म अभिनेत्री अदिति शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली हैं और हिंदी फिल्मों के साथ-साथ अन्य भाषाओं की फिल्मों में भी अभिनय कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने “मौसम”, “इक्कीस तोपों की सलामी”, “लेडीज़ वर्सेज रिकी बहल”, “अंग्रेज”, “जोगिंदर सिंह” और “सूबेदार” जैसी फिल्मों में काम किया है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत फिल्म “खन्ना वर्सेज अय्यर” से की थी और इसके बाद तेलुगु फिल्मों में भी सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।
अदिति शर्मा ने कहा कि “इश्क ज़ालिम है” वीडियो एल्बम में काम करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि इस वीडियो में नृत्य और अभिनय करते हुए उन्हें काफी आनंद आया। उन्होंने अपने प्रशंसकों से अपील की कि वे इस वीडियो को जरूर देखें और अपना प्यार एवं समर्थन दें।
वीडियो एल्बम में रोमांस, इमोशन और संगीत का खूबसूरत संगम देखने को मिल रहा है। दर्शकों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यह गीत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर और अधिक लोकप्रिय होगा। निर्माता और टीम ने भी भविष्य में इसी तरह के नए और मनोरंजक वीडियो प्रस्तुत करने की बात कही है, ताकि दर्शकों को बेहतर कंटेंट मिलता रहे।

Leave a Comment