संजय कुमार
पटना (अपना नालंदा)। ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) की ओर से कायस्थ समाज के सशक्तीकरण, सांगठनिक एकता और सामाजिक प्रगति को लेकर राष्ट्रव्यापी सदस्यता महाअभियान की शुरुआत आज 2 अक्टूबर से की जा रही है। यह अभियान 31 अक्टूबर तक देशभर में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से कायस्थ समाज के अधिक से अधिक परिवारों और लोगों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि संगठन को और अधिक मजबूत एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से एक महीने तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत देश के प्रत्येक प्रदेश, जिला, तहसील और ग्राम स्तर तक पहुंच बनाकर कायस्थ परिवारों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में कायस्थ समाज के लोग अलग-अलग अथवा मिलते-जुलते नामों से सामाजिक एवं सामुदायिक संगठनों से जुड़े हुए हैं। जीकेसी का उद्देश्य ऐसे सभी कायस्थ परिवारों को एक साझा मंच के माध्यम से जोड़ना है, ताकि समाज में आपसी समन्वय, एकता और संगठनात्मक मजबूती को बढ़ाया जा सके।
राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि संगठित होकर कायस्थ समाज सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में अपनी भूमिका को और प्रभावी बना सकता है। साथ ही समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपरा और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा उसे पुनर्स्थापित करने की दिशा में भी संगठन कार्य करेगा।
जीकेसी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष-सह-प्रवक्ता कमल किशोर तथा सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय समन्वयक निलेश रंजन ने बताया कि देश के सभी राज्यों के साथ-साथ बिहार के सभी जिलों में सदस्यता अभियान शुरू करने के लिए जिलाध्यक्षों और जिला कमेटियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिला स्तर के पदाधिकारियों को अभियान को व्यापक रूप देने तथा अधिक से अधिक कायस्थ परिवारों तक पहुंचने की जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान नए सदस्यों को संगठन के डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन सदस्यता प्रदान की जाएगी। इससे सदस्यता प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुगम बनाने में मदद मिलेगी। संगठन का प्रयास है कि अभियान के दौरान समाज के अधिक से अधिक लोगों को जीकेसी के साथ जोड़ा जाए।
जीकेसी पदाधिकारियों के अनुसार सदस्यता अभियान केवल संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संपर्क और समन्वय को मजबूत करना भी है। संगठन के माध्यम से कायस्थ समाज से जुड़े लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने तथा सामाजिक हित से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक रूप से कार्य करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
गौरतलब है कि ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस कायस्थ समाज का एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जिसकी शाखाएं देश के विभिन्न राज्यों के अलावा 24 से अधिक देशों में होने का संगठन की ओर से दावा किया गया है। सदस्यता महाअभियान के माध्यम से संगठन अपने सांगठनिक विस्तार को और व्यापक बनाने तथा देश-विदेश में रहने वाले कायस्थ परिवारों को एक मंच पर जोड़ने की दिशा में प्रयास कर रहा है।
कायस्थ समाज को एक मंच पर लाने की पहल: जीकेसी का राष्ट्रव्यापी सदस्यता महाअभियान आज से शुरू
Written by Sanjay Kumar
Published on:







