संजय वर्मा
नवादा(अपना नालंदा)। नवादा-गया मुख्य मार्ग पर मंगलवार को हिसुआ थाना क्षेत्र के नंदलाल बिगहा स्थित ज्ञान भारती स्कूल के समीप एक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुँचाया गया।
भाई को लेने जा रही थी स्कूल : प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के बढ़ौना निवासी सतीश सिंह की पुत्री सारिका कुमारी बस से उतरकर अपने भाई को स्कूल से घर लाने के लिए ज्ञान भारती स्कूल की ओर पैदल जा रही थी। उसी दौरान नवादा-गया रोड पर तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
स्थानीय लोगों ने दिखाया साहस : टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल सारिका को उठाया और आनन-फानन में इलाज के लिए हिसुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां इलाज जारी है।







