विजय प्रकाश उर्फ पिन्नु
नूरसराय (अपना नालंदा)। बैसाख पूर्णिमा के पावन अवसर पर नूरसराय प्रखंड के चंडासी गांव की सैकड़ों श्रद्धालु महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। यह यात्रा नूरसराय के पुराने ब्लॉक परिसर से प्रारंभ होकर खेवन विघा होते हुए अंधना गांव तक पहुँची। यात्रा के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। डीजे की धुन पर श्रद्धालु महिलाएं और पुरुष नाचते-गाते चल रहे थे और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
कलश यात्रा में शामिल सभी महिलाओं ने सिर पर पवित्र जल से भरे कलश को विधिपूर्वक स्थापित किया था। पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस यात्रा में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजी हुई थीं और ‘जय माता दी’ के जयघोष से सम्पूर्ण मार्ग गूंज उठा। गांव-गांव के लोग सड़क के किनारे खड़े होकर इस धार्मिक आयोजन के दर्शन कर रहे थे।
इस मौके पर आयोजनकर्ता सुनील पांडेय ने बताया कि बैसाख पूर्णिमा का विशेष महत्व होता है। इस दिन कलश यात्रा में भाग लेने से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आती है। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं इस पावन अवसर पर श्रद्धा से कलश उठाती हैं, उन्हें पुण्य की प्राप्ति होती है। साथ ही, इससे गांव और समाज में भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है।