अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ । नालंदा जिला के गिरियक प्रखंड अंतर्गत पावापुरी नगर पंचायत स्थित एक मैरिज हॉल में रविवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड भाजपा अध्यक्ष अविनाश कुमार ने की, जबकि संचालन पूर्व जिला मंत्री रवि राज ने किया।
बैठक में मुख्य मुद्दा आगामी विधानसभा चुनाव में राजगीर सीट को भाजपा के खाते में बनाए रखने का रहा। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह सीट जनसंघ काल से भाजपा के पास रही है और पार्टी की राजनीतिक विरासत मानी जाती है। ऐसे में इसे किसी भी परिस्थिति में गठबंधन के अन्य घटक दल को देना पार्टी हित में नहीं होगा।
वरिष्ठ भाजपा नेता श्रवण कुमार ने कहा कि राजगीर सीट भाजपा की पहचान और गौरव का प्रतीक है। जब पार्टी की नींव भी मजबूत नहीं थी, तब भी यहां जीत दर्ज की गई थी। आज जब भाजपा देशभर में सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन चुकी है, तो इस सीट को गंवाना संगठनात्मक रूप से नुकसानदेह होगा।
पूर्व जिला मंत्री रवि राज ने बताया कि संगठन इस मुद्दे पर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि राजगीर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। इसके साथ ही साक्षरता जागरूकता अभियान चलाने की भी योजना है, जिससे जनसंपर्क और सांगठनिक ढांचा और मजबूत हो सके।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर प्रदेश नेतृत्व से आग्रह किया गया कि आगामी विधानसभा चुनाव में राजगीर सीट भाजपा के ही प्रत्याशी को दी जाए और चुनाव पार्टी के परंपरागत कमल निशान पर ही लड़ा जाए।
यह बैठक कार्यकर्ताओं के लिए संगठनात्मक दिशा और ऊर्जा प्रदान करने वाली साबित हुई। बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पार्टी हित में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक में पावापुरी मंडल अध्यक्ष अविनाश कुमार, पूर्व जिला मंत्री रवि राज, श्याम किशोर सिंह, श्रवण कुमार, मुनना पासवान, अरुण सिंह, शैलेन्द्र राय, मंटू सिंह, उपेंद्र राजवंशी, नेपुरिया, जनार्दन प्रसाद, बालमुकुंद, प्रकाश, विजय, राम प्रवेश, इंदरजीत समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।