डिसाइपल कॉन्वेंट स्कूल में धूमधाम से मना डांडिया उत्सव, विद्यार्थियों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। सिलाव स्थित डिसाइपल कॉन्वेंट स्कूल में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य डांडिया एवं गरबा महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय और उत्सवी माहौल से सराबोर रहा। छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर डांडिया की धुन पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक सन्नी कुमार एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर निदेशक सन्नी कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सौहार्द के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने तथा त्योहारों के मूल संदेश बुराई पर अच्छाई की जीत को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

महोत्सव के दौरान पारंपरिक गुजराती, भोजपुरी, बिहारी और भक्ति गीतों की धुन पर छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों ने भी डांडिया नृत्य में भाग लिया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट डांडिया प्रदर्शन और पारंपरिक वेशभूषा के आधार पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का विद्यालय प्रबंधन की ओर से उत्साहवर्धन किया गया। इससे बच्चों में आत्मविश्वास और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ी।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को नवरात्रि एवं विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। महोत्सव ने विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।

Leave a Comment