पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने किया जनसंवाद, दशहरा पर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार

जहानाबाद (अपना नालंदा)। जहानाबाद में शनिवार को पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने नगर थाना क्षेत्र के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं आसपास के इलाकों में भ्रमण के दौरान आम नागरिकों से जनसंवाद किया। सुबह के समय भ्रमण कर रहे लोगों से उन्होंने स्वयं रुककर बातचीत की और उनकी बातें सुनीं।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आमजनों से सहयोग की अपील की। उन्होंने लोगों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने, शांति कायम रखने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।

जनसंवाद के दौरान आसपास के मोहल्लों में रहने वाले लोगों ने पुलिस अधीक्षक से खुलकर बातचीत की। पुलिस अधीक्षक के सहज व्यवहार और आम नागरिकों से सीधे संवाद करने के तरीके से लोग सहज महसूस करते नजर आए। स्थानीय लोगों ने उनके इस प्रयास की सराहना भी की।

पुलिस प्रशासन की ओर से पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया गया। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना और त्योहार के दौरान सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए जनसहभागिता को बढ़ावा देना रहा।

Leave a Comment