अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नरेश प्रसाद अकेला ने राजगीर स्थित अंतर्राष्ट्रीय समागम केंद्र में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन की ऐतिहासिक सफलता पर जिलावासियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार व्यक्त किया है। यह सम्मेलन कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा संबोधित किया गया था, जिसमें भारी संख्या में अतिपिछड़ा समाज से लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर नरेश प्रसाद अकेला ने कहा कि राहुल गांधी का यह कार्यक्रम न केवल कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण था, बल्कि अतिपिछड़ा वर्ग की आवाज बुलंद करने का भी एक बड़ा मंच साबित हुआ। उन्होंने कहा, “देश में अतिपिछड़ों की जनसंख्या 33% से अधिक है, फिर भी वे हाशिये पर हैं। खासकर बिहार में नीतीश कुमार की सरकार ने इस वर्ग का शोषण करने का काम किया है। कांग्रेस अब इस वर्ग को उसका हक दिलाने के लिए संकल्पबद्ध है।”
अकेला ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि “नालंदा जिला कांग्रेस कमेटी के सभी सदस्यों ने एकजुट होकर राहुल गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाया। यह हमारे संगठनात्मक ताकत का प्रतीक है।”

सम्मेलन में अतिपिछड़ा समाज के प्रमुख नेता दिलीप मंडल ने भी भागीदारी की और कहा कि नरेश प्रसाद अकेला के नेतृत्व में जिले के कोने-कोने से हजारों की संख्या में अतिपिछड़ा समाज सम्मेलन में शामिल हुआ। उन्होंने कहा, “हम गांव-गांव जाकर राहुल गांधी का संदेश पहुंचाएंगे और नया बिहार बनाएंगे।”
इस अवसर पर विवेक यादव ने राहुल गांधी की जनहितकारी नीतियों की प्रशंसा की। नंदू पासवान ने राहुल गांधी की ऐतिहासिक यात्रा के लिए आभार जताया। वहीं, प्रदेश प्रतिनिधि संजय पासवान ने कहा कि नरेश प्रसाद अकेला के नेतृत्व में दलित, पिछड़ा और अतिपिछड़ा वर्ग अब कांग्रेस के साथ संगठित हो रहा है। आने वाले दिनों में नालंदा के सातों विधानसभा क्षेत्रों में महागठबंधन का परचम लहराएगा।
उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी की नीतियां गरीबों, वंचितों और हाशिए पर खड़े वर्गों के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। कांग्रेस ही उन्हें सम्मान और अधिकार दिला सकती है।”
सम्मेलन में राजीव कुमार मुन्ना, रणधीर रंजन मंटू, रमेश कुमार, अखिलेश्वर प्रसाद कुशवाहा, किशोर कुमार और कांग्रेस लीगल सेल के अध्यक्ष सरफराज मलिक ने भी भाग लिया। सभी ने राहुल गांधी की यात्रा के माध्यम से अल्पसंख्यकों, सम्मिलित जातियों और अतिपिछड़ा वर्ग के उत्थान के संकल्प को दोहराया।