अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिला प्रवक्ता दीपक कुमार ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार को पूरी तरह विफल बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीते 20 वर्षों की सरकार में बिहार विकास की दौड़ में पिछड़ता चला गया है।
दीपक कुमार ने कहा कि “20 वर्षों की शासन व्यवस्था में बिहार में एक सुई का कारखाना भी नहीं लग पाया, जिससे आज राज्य मजदूर प्रदेश बन गया है। अपराध की स्थिति इतनी भयावह है कि बिहार ‘क्राइम स्टेट’ के रूप में पहचाना जाने लगा है।”
उन्होंने कहा कि अब बिहार की जनता नेता प्रतिपक्ष और युवा नेता तेजस्वी यादव की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है। तेजस्वी यादव की ‘कमाई, सिंचाई, दवाई, सुनवाई और कार्रवाई’ की नीति को आम जनता ने व्यापक रूप से स्वीकार किया है।
राजद प्रवक्ता ने दावा किया कि तेजस्वी यादव ने अपने 17 महीने के उपमुख्यमंत्री कार्यकाल में विकास की जो रूपरेखा तैयार की, वह पूरे देश के लिए एक मिसाल बन गई। उन्होंने गांधी मैदान से 5 लाख युवाओं को नौकरी देने की घोषणा की और साढ़े तीन लाख नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू करवाई।
दीपक कुमार ने बताया कि तेजस्वी यादव के प्रयासों से नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका और तालीमी मरकज़ कर्मियों के वेतन में वृद्धि की गई। इसके अलावा, आजादी के बाद पहली बार बिहार में जातीय जनगणना करवाई गई और आरक्षण की सीमा बढ़ाकर 65% तक की गई।
उन्होंने कहा कि आज देश के कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दल तेजस्वी यादव की सामाजिक न्याय की नीति को अपना रहे हैं और आने वाले विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सरकार बनना तय है।