अमर वर्मा
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)।महागठबंधन की सरकार बनते ही बिहार की महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। यह सहायता ‘माई-बहिन मान योजना’ के तहत दी जाएगी। उक्त बातें चंडी के पूर्व विधायक अनिल सिंह ने गुरुवार को धनेश्वर घाट स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय, राजेंद्र आश्रम में आयोजित ‘माई-बहिन मान योजना’ के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
पूर्व विधायक अनिल सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दोनों सरकारें जनता को गुमराह कर रही हैं। महंगाई चरम पर है, जबकि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के नाम पर अब भी मात्र 400 रुपये दिए जा रहे हैं। राज्य सरकार ने महीनों पहले एक हजार रुपये देने की घोषणा की थी, लेकिन वह अब तक छलावा साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि यदि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनती है, तो सरकार की पहली ही कैबिनेट बैठक में ‘माई-बहिन मान योजना’ को लागू किया जाएगा और महिलाओं को ₹2500 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता सुनिश्चित की जाएगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेश प्रसाद अकेला ने भी केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज एनडीए की सरकार महिलाओं का अपमान कर रही है, जबकि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं के चहुमुखी सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।
कार्यक्रम प्रभारी प्रो. फरहद जावेद आप्सा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं को सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने देश की पहली महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी को महिलाओं के लिए आरक्षण और अधिकार सुनिश्चित करने वाली दूरदर्शी नेता बताया। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार बनने पर ‘माई-बहिन मान योजना’ को पूरे बिहार में लागू किया जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख कांग्रेस नेताओं में मोनी पासवान, सागर पाटिल, संजू पांडेय, राजीव कुमार मुन्ना, नंदू पासवान, सरफराज मलिक, प्रदेश प्रतिनिधि संजय कुमार पासवान, नरेंद्र साहिल, रमेश कुमार, अखिलेश्वर कुशवाहा, किशोर कुमार, रणधीर रंजन मंटू, मोहम्मद हैदर आलम, ऑस्कर भारती, युवा अध्यक्ष विवेकानंद पासवान, कृष्णा दास, मुकेश कुमार, सुमित्रा देवी, नुशरत प्रवीण, यास्मीन प्रवीण, धनंजय कुमार पटेल सहित कई कार्यकर्ता एवं कांग्रेस नेता मौजूद थे।
इन सभी नेताओं ने महिलाओं को सम्मान देने और उन्हें समाज में आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।