“सेना के शौर्य को सलाम: रामघाट बाजार में तिरंगा यात्रा निकालकर भाजपाइयों ने किया ऑपरेशन सिंदूर का समर्थन”

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
नगरनौसा । पाकिस्तान में आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में गुरुवार को नगरनौसा प्रखंड के रामघाट बाजार में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस अवसर पर भारतीय सेना की वीरता को नमन करते हुए सेना के समर्थन में जोरदार नारे लगाए गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऑपरेशन की सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

तिरंगा यात्रा का नेतृत्व भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सतीश कुमार और वर्तमान मंडल अध्यक्ष अभयनंदन पांडेय ने किया। सतीश कुमार ने कहा, “जब भी देश पर दुश्मनों ने हमला करने की कोशिश की है, हमारे प्रधानमंत्री ने उन्हें करारा जवाब दिया है। आज हमारी सेना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर पराक्रम का नया इतिहास रच रही है।”

मंडल अध्यक्ष अभयनंदन पांडेय ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारतीय सेना ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अगर कोई देश भारत को चुनौती देगा, तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा। इस सैन्य कार्रवाई ने पाकिस्तान को बुरी तरह झकझोर कर रख दिया है।”

अन्य वक्ताओं ने भी इस तिरंगा यात्रा को मात्र एक आयोजन नहीं, बल्कि वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की वीरता पर हर भारतीय को गर्व है, और हम सभी को एकजुट होकर उनके साहस को सम्मान देना चाहिए।

इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश युवा प्रकोष्ठ के प्रवक्ता सन्नी पटेल, चंडी मंडल अध्यक्ष राजकिशोर सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष अभिषेक भारती, उपाध्यक्ष प्रणव देव आनंद, पिंटू कुमार, मनीष कुमार, सिद्धार्थ कुमार, कमलेश मांझी, रविशंकर कुमार, रंजीत कुमार, रामाशीष प्रसाद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति का माहौल पूरे बाजार में छाया रहा और लोगों ने उत्साहपूर्वक भारतीय तिरंगे का सम्मान किया।

Leave a Comment