“मगही हाट” निर्माण के फैसले से मगही भाषी समुदाय में खुशी की लहर

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ । बिहार सरकार द्वारा राजधानी पटना स्थित हेक्सा भवन में “मगही हाट” निर्माण के फैसले का मगही भाषी समाज ने जोरदार स्वागत किया है। मगही-मगध नागरिक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पारस कुमार सिंह ने इस निर्णय पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार व्यक्त किया।

श्री सिंह ने कहा कि मगध और मगही की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए लंबे समय से चल रहा आंदोलन अब रंग लाने लगा है। उन्होंने कहा कि संघ अपने स्थापना काल से ही मगही भाषा और संस्कृति को राजनीतिक संरक्षण दिलाने की दिशा में सक्रिय प्रयास कर रहा था, जिसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं।

उन्होंने बताया कि इससे पूर्व मगही भाषा को शिक्षक नियुक्ति में रोजगार की भाषा के रूप में मान्यता देना, मगही महोत्सव को बिहार सरकार के वार्षिक कैलेंडर में स्थान दिलाना, और अब “मगही हाट” की स्थापना — ये सभी कदम मगही स्वाभिमान के प्रतीक हैं।

श्री सिंह ने जानकारी दी कि लगभग 48.96 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला “मगही हाट” वर्ष 2026 तक तैयार हो जाएगा। इसमें मगध के हस्तशिल्प, पारंपरिक पकवान, खानपान केंद्र, रेस्तरां, खेल पार्क, और मगध-मगही संस्कृति से जुड़ी विभिन्न कलात्मक व सांस्कृतिक झलकियां समाहित होंगी। यह हाट “वोकल फॉर लोकल” की भावना को भी प्रोत्साहित करेगा।

उन्होंने आशा जताई कि अब केंद्र सरकार भी मगही भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की दिशा में जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेगी।

इस खबर से मगही-मगध नागरिक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों — उदय शर्मा, विजय सिंह, सतनारायण शर्मा, केदारनाथ सिंह, रामावतार राम, बिजेंद्र सिंह, राजकुमार सिंह, वीरेंद्र शर्मा, विक्रम सिंह, चमारी शर्मा, अर्जुन वर्मा — तथा नवादा जिला समिति के गौतम कुमार, सरगम रविंद्र सिंह, डॉ. भगवत प्रसाद, प्रदीप कुमार, विमल कुमार सिंह, उमेश प्रसाद और नीतीश कपूर सहित अनेक सदस्यों ने खुशी व्यक्त की।

Leave a Comment