संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। रोटरी क्लब ऑफ तथागत बिहारशरीफ द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नालंदा नेत्रालय, खंदकपर, बिहारशरीफ परिसर में आयोजित हुआ, जहां क्लब के सदस्यों एवं मॉर्निंग वॉक टीम के सदस्यों ने राष्ट्रीय पर्व को पूरे गौरव और सम्मान के साथ मनाया।
समारोह में रोटरी क्लब ऑफ तथागत के अध्यक्ष रोटेरियन महेश कुमार लोहानी एवं सचिव रोटेरियन डॉ. नीरज कुमार सहित डॉ. अरविंद, डॉ. सुनीति, डॉ. इंद्रजीत, डॉ. अभिनव, डॉ. विभाष, अरविंद कर, परमेश्वर महतो, अनिल कुमार एवं मॉर्निंग वॉक टीम के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि देश को आजादी दिलाने में स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सम्मान एवं स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहे हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की एकता, अखंडता और प्रगति में अपना योगदान दे।
समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया। सदस्यों ने कहा कि राष्ट्र की सेवा केवल सीमा पर जाकर ही नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य करने और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने से भी की जा सकती है।
रोटरी क्लब ऑफ तथागत के सदस्यों ने सामाजिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि क्लब द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को भविष्य में भी और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। जरूरतमंद लोगों तक सेवा पहुंचाने तथा समाज के वंचित वर्गों के हित में कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और विकास को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और राष्ट्रसेवा के संदेश के साथ संपन्न हुआ।








