मनियामा गांव की दलित बस्ती में राहुल गांधी का जन्मदिन सादगी से मनाया गया, महिलाओं को बांटे गए सेनेटरी पैड

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। गुरुवार को राजगीर विधानसभा अंतर्गत बिहारशरीफ प्रखंड के मनियामा गांव स्थित दलित बस्ती में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन सादगीपूर्ण ढंग से मनाया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रीना देवी उर्फ रागिनी सिंह और राजगीर के पूर्व विधायक रवि ज्योति कुमार के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के समर्थन में नारों के साथ हुई। उपस्थित महिलाओं ने आपस में मिठाइयाँ बाँटकर जन्मदिन की खुशी साझा की।

इस अवसर पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना देवी ने “प्रियदर्शिनी उड़ान” योजना के तहत महिलाओं के बीच निशुल्क सेनेटरी पैड का वितरण किया। उन्होंने बताया कि विगत दो महीनों से वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और सेनेटरी पैड के उपयोग के फायदे समझाने हेतु जागरूकता अभियान चला रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान से महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों में भी कांग्रेस के प्रति रुचि बढ़ी है।

पूर्व विधायक रवि ज्योति ने कहा कि राहुल गांधी ने स्वयं सभी कार्यकर्ताओं से जन्मदिन पर केक न काटने का अनुरोध किया है, क्योंकि वह हाल ही में अहमदाबाद में हुई घटना से बेहद आहत हैं। उन्होंने बताया कि यह जन्मदिन सादगी से मनाकर हम उनके भावनात्मक संदेश का पालन कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान रवि ज्योति ने कांग्रेस पार्टी द्वारा महिलाओं के लिए शुरू की गई “माई बहन योजना” का भी उल्लेख किया और सभी महिलाओं से इसका फॉर्म भरवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर आगामी चुनाव में महागठबंधन की सरकार बनती है तो कांग्रेस पार्टी सभी महिलाओं को ₹2500 प्रति माह आर्थिक सहायता देगी, क्योंकि घरेलू ज़िम्मेदारियों का सबसे बड़ा बोझ महिलाओं पर ही होता है।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने कांग्रेस पार्टी को समर्थन देने और आगामी चुनाव में महागठबंधन को जीत दिलाने का संकल्प लिया।

इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सिंह, बिहारशरीफ प्रखंड अध्यक्ष रंजीत पांडे, महताब आलम गुड्डू, सोशल मीडिया अध्यक्ष उदय कुशवाहा, माइनॉरिटी सेल के अध्यक्ष फवाद अंसारी, राणा अजय सिंह, जीत कुमार समेत कई कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment