पताका
अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। एरोड्राम स्थित प्रतिभा पल्लवन पब्लिक स्कूल ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं परीक्षा में एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने शानदार अंक और अनुशासित अध्ययन के बल पर न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

विद्यालय के विज्ञान एवं कला संकाय के विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम और लगन के दम पर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। विद्यालय की मेधावी छात्रा साधना सिन्हा ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं निकेत आनंद ने 93 प्रतिशत, रौनक राज ने 91.2 प्रतिशत तथा राज आनंद ने 90.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

विषयवार प्रदर्शन में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की। साधना सिन्हा ने जीवविज्ञान में 98 अंक एवं रसायनशास्त्र में 94 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं निकेत आनंद ने भौतिकी में 94 अंक तथा अंग्रेजी में 93 अंक हासिल किए।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने कला एवं रचनात्मक विषयों में भी शानदार प्रदर्शन किया। पेंटिंग विषय में साक्षी स्वराज, प्रद्युम्न आनंद, पुष्पंजय, आयुष राज एवं अर्णव अनंत ने 100 में 100 अंक प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया कि आज के छात्र शिक्षा के साथ-साथ कला के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
इस अवसर पर पी०पी० शैक्षणिक समूह के चेयरमैन डॉ० अभिराम शर्मा ने सफल विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा पल्लवन पब्लिक स्कूल सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
डॉ० शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों ने पूरे वर्ष अनुशासन एवं समर्पण के साथ अध्ययन किया और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे। उन्होंने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ये छात्र आगे चलकर शिक्षा, समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का उत्सव मनाया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।







