संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। बिहारशरीफ के चांदपुरा स्थित खानकाह चिश्तिया फरीदिया में विख्यात सूफी बुजुर्ग हजरत सय्यद फरीद उद्दीन तवेला बख्श चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह का 551वां सालाना उर्स मुबारक अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक, आध्यात्मिक और सूफियाना कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों, सूफी संतों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और देश में अमन-चैन कायम रखने का संदेश दिया गया।
उर्स की तमाम रस्में खानकाह चिश्तिया फरीदिया चांदपुरा, बिहारशरीफ के सज्जादानशीन एवं सूफी खानकाह एसोसिएशन के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सूफी शाह सय्यद मोहम्मद महताब आलम चिश्ती निजामी की कयादत में अदा की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नमाज-ए-फज्र के बाद कुरानख्वानी से हुई। इसके बाद शाम में नमाज-ए-मगरिब के पश्चात जलसा, चादरपोशी, नजर-नियाज, लंगर और महफिल-ए-समा का आयोजन किया गया। अकीदतमंदों ने दरगाह पर चादर और फूल पेश कर मुल्क की तरक्की, खुशहाली, अमन-चैन और हिंदू-मुस्लिम एकता के लिए विशेष दुआएं मांगीं।
इस मौके पर कारी मोहम्मद मूसा रजा ने अपनी सुरीली आवाज में मिदहते रसूल पेश कर महफिल में मौजूद सामेईन को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति पर लोग झूमते नजर आए। वहीं, कारी मोहम्मद नसीम, शेखपुरा ने वली की सोहबत के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नेक लोगों और सूफी संतों की संगत इंसान को मोहब्बत, इंसानियत, सदाचार और आध्यात्मिकता की राह दिखाती है। खानकाह कादरिया चिश्तिया, दानापुर के साहिबे सज्जादा सूफी सय्यद अहमद सुल्तान कादरी ने सूफीवाद की विचारधारा पर अपनी बात रखते हुए इसके मूल सिद्धांतों और सामाजिक महत्व को बेहतर अंदाज में समझाया।
खानकाही परंपरा और सूफी विचारधारा को मजबूत करने की जरूरत
उर्स के अवसर पर आयोजित जलसे की अध्यक्षता करते हुए सज्जादानशीन सूफी शाह सय्यद मोहम्मद महताब आलम चिश्ती निजामी ने कहा कि सूफिया-ए-हिंद ने केवल समाज को सद्भाव और आपसी प्रेम का संदेश ही नहीं दिया, बल्कि भारतीय संस्कृति, गंगा-जमुनी तहजीब और साझा विरासत को संरक्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सूफी संतों ने हमेशा इंसानियत, मोहब्बत, भाईचारे और सभी धर्मों के प्रति सम्मान का पैगाम दिया है। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को जोड़ने और आपसी दूरियां मिटाने का काम करती हैं।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान समय में कुछ कट्टरपंथी शक्तियों द्वारा खानकाही परंपरा और सूफी विचारधारा को कमजोर करने की लगातार कोशिश की जा रही है। ऐसी परिस्थितियों में सूफीवाद, राष्ट्रवादी विचारधारा और हिंदू-मुस्लिम भाईचारे को मजबूत करने के लिए देशव्यापी स्तर पर संगठित प्रयास की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सूफी खानकाह एसोसिएशन राष्ट्रीय अध्यक्ष सूफी मोहम्मद कौसर हसन मजीदी एडवोकेट के नेतृत्व में देशभर में सूफी विचारधारा, खानकाही परंपरा, राष्ट्रवादी सोच और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए काम कर रहा है। आज जरूरत है कि इस संगठन को और मजबूत बनाया जाए, ताकि सूफी संतों की शिक्षाओं और उनकी साझा सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।
युवाओं से संगठन से जुड़ने की अपील
सूफी महताब आलम ने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे सूफी खानकाह एसोसिएशन से जुड़ें और समाज में प्रेम, सद्भाव, इंसानियत तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं को सूफी संतों की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर समाज में नफरत के बजाय मोहब्बत और विभाजन के बजाय एकता का वातावरण तैयार करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान महफिल-ए-समा यानी सूफियाना संध्या का भी आयोजन किया गया। इसमें सूफियाना कलाम और आध्यात्मिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रेम, समर्पण और इंसानियत का संदेश दिया गया। दरगाह पर चादर और नजर-नियाज पेश करने के बाद देश में शांति, सद्भाव, खुशहाली और तरक्की के लिए सामूहिक दुआ की गई। इसके बाद उपस्थित लोगों के बीच लंगर का वितरण किया गया।
इस अवसर पर सूफी खानकाह एसोसिएशन बिहार के मीडिया प्रभारी तालिब फिरदौसी, बिहार प्रदेश महासचिव विवेकानंद पासवान, सय्यद हयात अहमद फिरदौसी, सूफी सय्यद परवेज आलम (खानकाह खलीलिया, खगौल), सय्यद रजा आलम, सय्यद जर्नब चिश्ती, जावेद वेस्टीज, डॉक्टर मोहम्मद शाद, सय्यद मुनीरुर्रहमान, विद्यानंद कुमार, संजय महाराज, सय्यद अरमान बारूई, रहमान बनौलिया, मोहम्मद शाहिद, जाहिद अंसारी, मुकेश कुशवाहा, इंजीनियर टीपू, सय्यद शहजाद कादरी, अजहर उद्दीन, बिलाल हाश्मी, हबीबुर रहमान, मोहम्मद यूसुफ, मोहम्मद जहांगीर, इमरान खान, सज्जाद खान, असलम खान, मोहम्मद शौकत, शमीम खान, मोहम्मद हैदर, मोहम्मद शहाबुद्दीन, जीशान बल्खी, शारिक अनवर, मोहम्मद सैफ, डॉक्टर जहांगीर, मोहम्मद अनवर और मोहम्मद शाहनवाज सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

उर्स का आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम बना। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सूफी संतों की शिक्षाएं आज भी समाज में प्रेम, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखती हैं।







