सम्राट जरासंध मगध के गौरव, पराक्रम और स्वाभिमान के प्रतीक : पारस सिंह

Written by Sanjay Kumar

Published on:

जेठान पर्व पर 5229वीं जयंती मनाने की तैयारी, जरासंध के गौरवशाली इतिहास और मगही संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान

बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। मगध की ऐतिहासिक धरती ने देश को अनेक महान शासक, योद्धा और महापुरुष दिए हैं। इन्हीं में एक प्रमुख नाम मगध सम्राट महाराजा जरासंध का है। वे केवल एक शक्तिशाली शासक और महान योद्धा ही नहीं, बल्कि पराक्रम, न्याय, दानशीलता और स्वाभिमान के प्रतीक भी माने जाते हैं। मगध की मिट्टी के कण-कण में वीरता और गौरवशाली इतिहास की गाथाएं समाहित हैं। महाराजा जरासंध उसी गौरवशाली परंपरा के महान सपूत थे। ये बातें मगही मगध नागरिक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पारस कु सिंह ने कार्तिक शुक्ल पक्ष एकादशी (जेठान पर्व), 20 नवंबर 2026 को मनाई जाने वाली महाराजा जरासंध जयंती के अवसर पर अपने आलेख में कही हैं।

उन्होंने कहा कि महाराजा जरासंध का स्मरण करना केवल किसी ऐतिहासिक राजा की जयंती मनाना नहीं है, बल्कि अपनी सभ्यता, संस्कृति और गौरवशाली विरासत को याद करना भी है। महाभारत में मगध नरेश जरासंध के पराक्रम, सामर्थ्य और शासन व्यवस्था का विस्तृत उल्लेख मिलता है।

महाभारत में जरासंध के पराक्रम की चर्चा

पारस कु सिंह ने महाभारत की कथा का उल्लेख करते हुए बताया कि इंद्रप्रस्थ नगरी के निर्माण के बाद जब महाराज युधिष्ठिर ने राजसूय यज्ञ करने की इच्छा जताई, तब भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें इस यज्ञ के लिए प्रोत्साहित किया। हालांकि, चक्रवर्ती सम्राट बनने के मार्ग में मगध नरेश जरासंध सबसे बड़ी चुनौती थे। जरासंध को पराजित किए बिना युधिष्ठिर का चक्रवर्ती सम्राट बनना संभव नहीं माना जाता था।

इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण, भीमसेन और अर्जुन ब्राह्मणों का वेश धारण कर मगध की राजधानी राजगृह (वर्तमान राजगीर) पहुंचे। जरासंध अतिथियों और ब्राह्मणों का विशेष सम्मान करते थे। वे भगवान शिव के परम भक्त थे और प्रतिदिन पूजा-अर्चना के बाद जनता की समस्याएं सुनते तथा जरूरतमंदों को दान-दक्षिणा देकर संतुष्ट करते थे।

आलेख के अनुसार, जरासंध ने 86 राजाओं को पराजित कर बंदी बना रखा था। वे मल्लयुद्ध और गदायुद्ध में अत्यंत निपुण थे। उनमें दस हजार हाथियों के बराबर बल होने की मान्यता भी प्रचलित है।

Fake agent arrested for accepting cheques in the name of insurance renewal, 48 cheques and 4 Aadhaar cards recovered

जब भगवान श्रीकृष्ण ने उनसे मल्लयुद्ध के लिए चुनौती दी तो जरासंध ने भीमसेन को अपना प्रतिद्वंद्वी चुना। इसके बाद भीम और जरासंध के बीच लगातार 27 दिनों तक भीषण मल्लयुद्ध हुआ। लंबे संघर्ष के बावजूद भीम जरासंध को पराजित नहीं कर सके। अंततः श्रीकृष्ण ने भीम को संकेत के माध्यम से जरासंध की मृत्यु का रहस्य समझाया। इसके बाद भीम ने जरासंध के शरीर को दो भागों में विभाजित कर विपरीत दिशाओं में फेंक दिया और उनका अंत हुआ। यह प्रसंग महाभारत में वर्णित है।

जरासंध के जन्म से जुड़ी है जेठान पर्व की परंपरा

पारस सिंह ने बताया कि महाराजा जरासंध के जन्म से जुड़ी एक रोचक लोककथा भी प्रचलित है। मान्यता के अनुसार, मगध नरेश बृहद्रथ के यहां जन्मे शिशु के शरीर के दो अलग-अलग हिस्से थे। जरा नामक देवी ने दोनों हिस्सों को जोड़ दिया, जिसके बाद बालक जीवित हो उठा। जरा देवी के नाम पर ही उसका नाम जरासंध रखा गया।

इस घटना से पूरे मगध में खुशी की लहर दौड़ गई। कहा जाता है कि आधी रात में जब प्रजा ने राजा से मुंह मीठा कराने का आग्रह किया तो राजा ने अपने राज्य में लगे गन्ने को चूसकर खुशी मनाने की अनुमति दी। इसी लोकमान्यता को जेठान पर्व पर गन्ना चूसने की परंपरा से जोड़कर देखा जाता है।

आज भी विशेष रूप से चंद्रवंशी समाज के लोग महाराजा जरासंध को अपना कुलदेवता मानते हुए उनकी जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हैं। जेठान पर्व पर उनकी पूजा-अर्चना और स्मरण किया जाता है।

मगही भाषा और अखाड़ा संस्कृति से भी जुड़ा इतिहास

उन्होंने कहा कि महाराजा जरासंध के शासनकाल को मगध की सांस्कृतिक और सामाजिक समृद्धि से भी जोड़कर देखा जाता है। लोकमान्यताओं के अनुसार, उस समय मगही अर्थात मागधी भाषा को राजकीय संरक्षण प्राप्त था। मल्लयुद्ध को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर अखाड़ों का निर्माण कराया गया था।

राजगीर में आज भी जरासंध अखाड़ा ऐतिहासिक धरोहर के रूप में मौजूद है। इस अखाड़े को लेकर मान्यता है कि यहां पहलवानों के अभ्यास के लिए दूध का इस्तेमाल किया जाता था। इसी कारण अखाड़े की मिट्टी का रंग सफेद और दूधिया दिखाई देता है।

जरासंध स्मारक और महोत्सव से बढ़ेगा ऐतिहासिक पहचान

पारस सिंह ने बताया कि मगही मगध नागरिक संघ और चंद्रवंशी समाज के लोग लंबे समय से बिहार सरकार से जरासंध अखाड़ा के सौंदर्यीकरण, स्मारक निर्माण और उनकी स्मृति में महोत्सव आयोजित करने की मांग करते रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा इस दिशा में पहल किए जाने को समाज और मगध क्षेत्र के लिए खुशी का विषय बताया।

उनके अनुसार, वर्ष 2024 से बिहार सरकार की ओर से जरासंध जयंती मनाने की पहल शुरू हुई तथा राजगीर में जरासंध स्मारक का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कर-कमलों से किया गया। इससे महाराजा जरासंध के ऐतिहासिक योगदान को सरकारी स्तर पर पहचान और सम्मान मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि जरासंध स्मारक का निर्माण केवल एक भवन या पर्यटन स्थल का विकास नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे बच्चे और युवा महाराजा जरासंध के जीवन, मगध के गौरवशाली अतीत तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत के बारे में जान सकेंगे।

अंत में पारस कु सिंह ने कहा कि महाराजा जरासंध जैसे महापुरुषों का इतिहास नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण करके ही हम मगध की गौरवशाली पहचान को आने वाले समय में जीवंत रख सकते हैं। महाराजा जरासंध की जयंती हमें अपने अतीत पर गर्व करने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने की प्रेरणा देती है।

लेखक: पारस कु सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष, मगही मगध नागरिक संघ।

Leave a Comment