तालाब में पलटा धान लदा ट्रैक्टर, नीचे दबकर 36 वर्षीय चालक की दर्दनाक मौत

Written by Sanjay Kumar

Published on:

करायपरसुराय(अपना नालंदा)। नालंदा जिले के करायपरसुराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। धान लोड कर लौट रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पानी से भरे तालाब में पलट गया। हादसे में चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

Fake agent arrested for accepting cheques in the name of insurance renewal, 48 cheques and 4 Aadhaar cards recovered


मृतक की पहचान नेसरा गांव निवासी श्याम यादव के 36 वर्षीय पुत्र राहुल यादव उर्फ राहुल कुमार के रूप में हुई है। घटना करायपरसुराय-रसलपुर ग्रामीण सड़क पर जोल बिगहा पुल से करीब 100 मीटर दक्षिण की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहुल यादव ट्रैक्टर पर धान लोड कर लौट रहे थे। इसी दौरान जोल बिगहा पुल के समीप अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पानी से भरे तालाब में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करायपरसुराय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुशील कुमार पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इधर, राहुल की मौत की खबर मिलते ही नेसरा गांव में मातम छा गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।

Leave a Comment