वृद्ध की नृशंस हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह

Written by Subhash Rajak

Published on:

अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)।बेन थाना क्षेत्र के महाबिगहा-पचहतर बंधा से लकैयापर जाने वाली कच्ची सड़क पर एक सनसनीखेज हत्या का राजफाश पुलिस ने कर लिया है। ग्राम लकैयापर निवासी वालकिशुन पाल (उम्र लगभग 60 वर्ष), पिता स्व. नन्दे पाल की ईंट से सिर कुचलकर, आंखें फोड़कर और तेज धारदार हथियार से हाईड्रोसिल काटकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई थी।

इस मामले का सफल उद्भेदन की जानकारी राजगीर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया। उन्होंने बताया कि यह मामला बेन थाना कांड संख्या 28/25, दिनांक 21.02.2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/238/3(5) के तहत अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध दर्ज किया गया था।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजगीर के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया। टीम ने लगातार मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान कर मामले के सुलझाने में सफलता हासिल की।

जांच के क्रम में ग्राम लकैयापर निवासी धन्नु पाल (पिता स्व. छोटन पाल) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने सहयोगियों—देवन पाल उर्फ देवनन्दन पाल (पिता स्व. नन्दे पाल), दिनेश प्रसाद (पिता कृष्णदेव प्रसाद), और सतेन्द्र पाल (पिता देवन पाल उर्फ देवनन्दन पाल)—के साथ मिलकर इस जघन्य हत्या को अंजाम दिया।

हत्या के पीछे का कारण संपत्ति विवाद सामने आया है। मृतक की कोई संतान नहीं थी, और वह अपनी सारी संपत्ति अपनी तीन बेटियों के नाम करना चाहता था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने साजिश रचकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने धन्नु पाल की निशानदेही पर देवन पाल और दिनेश प्रसाद को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, चौथा आरोपी सतेन्द्र पाल घटना के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त धन्नु पाल, पिता स्व. छोटन पाल
,देवन पाल उर्फ देवनन्दन पाल, पिता स्व. नन्दे पाल
तथा दिनेश प्रसाद, पिता कृष्णदेव प्रसाद
(सभी निवासी ग्राम लकैयापर, थाना बेन, जिला नालंदा) है।

Leave a Comment