राहुल गांधी के जन्मदिन पर नालंदा जिला युवा कांग्रेस ने मुस्तफापुर में किया जन संवाद

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 55वें जन्मदिन के अवसर पर नालंदा जिला युवा कांग्रेस की ओर से गिरियक प्रखंड अंतर्गत मुस्तफापुर गांव में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विवेकानंद पासवान ने की।

अपने संबोधन में विवेकानंद पासवान ने कहा कि राहुल गांधी लगातार जातीय जनगणना को लेकर भारत सरकार से आवाज़ उठाते रहे हैं। उनके नेतृत्व में किए गए जन दबाव के कारण सरकार को अंततः जातीय जनगणना की स्वीकृति देनी पड़ी। इसी मुद्दे को लेकर आज मुस्तफापुर गांव में जन संवाद आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में “मां बहन योजना” की जानकारी भी दी गई। इस योजना के तहत 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को प्रतिमाह ₹2500 की आर्थिक सहायता प्रदान करने का वादा कांग्रेस पार्टी ने किया है। इस संबंध में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेन्द्र चौधरी और बिहारशरीफ नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद महताब आलम चिश्ती ने महिलाओं को विस्तार से जानकारी दी।

नेताओं ने अपने वक्तव्यों में कहा कि यदि बिहार में कांग्रेस के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनती है, तो यह योजना प्राथमिकता के आधार पर लागू की जाएगी, जिससे राज्य की सभी योग्य महिलाएं लाभान्वित होंगी।

इस अवसर पर युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे कांग्रेस पार्टी के “हाथ” को मजबूती से थामे रखें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की लड़ाई देशव्यापी स्तर पर मजबूती से लड़ रही है।

कार्यक्रम में मुकेश कुमार सिंह, जावेद वेस्टीज, राजगीर विधानसभा अध्यक्ष कुमार सौरभ, युवा जिला उपाध्यक्ष पिंटू यादव, आदित्य कुमार, एवं बड़ी संख्या में गांव के स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment