अपना नालंदा संवाददाता
अस्थावां। आगामी 29 जून 2025 को राजगीर खेल मैदान के निकट आयोजित होने वाले ‘बहुजन भीम संकल्प समागम’ को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान स्वयं करेंगे। आयोजन में देश-विदेश से विशेष अतिथियों की सहभागिता भी संभावित है।
इस समागम का उद्देश्य बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना और समाज के सभी वर्गों को एक साझा मंच पर लाना है। साथ ही यह आयोजन “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम का संयोजन पूर्व विधायक संजीव पासवान के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने हेतु अस्थावां प्रखंड के एक निजी होटल में प्रखंड अध्यक्ष मुकेश पासवान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें रैली की तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
इस बैठक में लोजपा नालंदा जिला अध्यक्ष सतेंद्र मुकुट, प्रदेश महासचिव संजय पासवान, वरिष्ठ नेता अरुण बिंद, नरेश प्रसाद सिंह, सोसे पासवान, राजकपूर पासवान सहित अन्य प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी ने रैली को सफल बनाने के लिए एकजुटता और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
प्रखंड अध्यक्ष मुकेश पासवान ने जानकारी दी कि अस्थावां प्रखंड से बड़ी संख्या में लोग रैली में भाग लेंगे। इसके लिए गाँव-गाँव जाकर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है, और आम लोगों में इस कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।