मुहर्रम को लेकर जहानाबाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, डीएम-एसपी ने निकाला फ्लैग मार्च; ड्रोन, CCTV और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जहानाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के संयुक्त नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

फ्लैग मार्च अस्पताल मोड़ से प्रारंभ होकर बड़ी मस्जिद, सट्टी मोड़, पच्चमहला, मल्लहचक मोड़, फिदा हुसैन रोड होते हुए अरवल मोड़ तक निकाला गया। पूरे मार्ग में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही और लोगों से शांति, भाईचारा एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को मुहर्रम पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व शांति, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने सभी समुदायों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी कैमरों तथा लगातार वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर निगरानी रखी जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि मुहर्रम जुलूस के दौरान डीजे का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही किसी भी प्रकार के हथियार का प्रदर्शन अथवा उपयोग पूरी तरह निषिद्ध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त चिकित्सा दल एवं अग्निशमन वाहनों को भी पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

मुहर्रम पर्व के दौरान शिकायत एवं सूचना प्राप्त करने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06114-223013 जारी किया गया है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल-112 पर संपर्क कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

फ्लैग मार्च में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) मनीष कुमार चौधरी, गृहरक्षा वाहिनी के अधीक्षक, कार्यपालक पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित जिले के कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुहर्रम पर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और हर स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।

Leave a Comment