अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। गुरुवार को नालंदा के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान राजगीर बाईपास से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक प्रस्तावित दो लेन से चार लेन सड़क निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। यह परियोजना मुख्यमंत्री की “प्रगति यात्रा” के दौरान अवलोकन में लाई गई महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान पथ प्रमंडल हिलसा के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया कि इस कार्य को जुलाई के पहले सप्ताह से हर हाल में प्रारंभ किया जाए और इसे प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जाए।
परियोजना का विवरण इस प्रकार है:
- कार्य का नाम: राजगीर बाईपास (NH-82 के किमी 77.00 से SH-71 के किमी 58.00) से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मोड़ (SH-71 के किमी 37.400) तक 2 लेन सड़क का 4 लेन में विस्तार।
- अनुमानित लागत: ₹120 करोड़ (12000 लाख रुपये)
- कुल लंबाई: 7.20 किलोमीटर
- वर्तमान सड़क चौड़ाई: 7.00 से 10.00 मीटर
- संपर्क मार्ग: यह सड़क SH-71 के किमी 58 स्थित नीमा गांव से प्रारंभ होकर NH-82 के किमी 77 स्थित हसनपुर गांव के पास समाप्त होती है।
- महत्व: यह मार्ग फिलहाल दो लेन का है। इसे चार लेन में परिवर्तित किए जाने से पटना और बिहारशरीफ से आने वाले यात्रियों को राजगीर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, नालंदा विश्वविद्यालय, बिहार पुलिस अकादमी जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों तक सुविधाजनक एवं तीव्र आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। यह पथ पर्यटन एवं अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिक योजनाओं में शामिल इस परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।