अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शहर के कागज़ी मोहल्ला और अज़ीज़ घाट इलाके में शुक्रवार को ‘हर घर झंडा’ अभियान और चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश प्रसाद अकेला ने की।
इस अवसर पर श्री अकेला ने आमजनों को संबोधित करते हुए कहा कि, “आज देशभर में भारतीय जनता पार्टी की कुनीतियों से आम जनता परेशान है। गरीब, दलित और अल्पसंख्यकों के बीच भय का माहौल व्याप्त है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो आम जनों के हित में देश और राज्य का नेतृत्व कर सकती है।
बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर और आम लोग भ्रष्टाचार के आलम से त्रस्त और असहाय महसूस कर रहे हैं। जनता अब आशाभरी निगाहों से कांग्रेस की नीतियों की ओर देख रही है और बदलाव का संकल्प ले चुकी है।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का हवाला देते हुए कहा कि, “हमारे नेता राहुल गांधी ने बिहार को अपराध और भ्रष्टाचार से मुक्त कर एक नया बिहार बनाने का संकल्प लिया है।” उन्होंने महागठबंधन के सभी उम्मीदवारों को जीत दिलाने की अपील करते हुए कहा कि जनता को अपने घरों पर कांग्रेस का झंडा लगाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करना चाहिए।
इस मौके पर कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिनमें मोहम्मद हैदर आलम, राजीव कुमार मुन्ना, संजय कुमार पासवान, प्रदेश प्रतिनिधि फरहत जबीं, आसगर भारती, नंदू पासवान, रणधीर रंजन मंटू, रमेश कुमार, श्रीमती संजू पांडे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विवेक पासवान और मोहम्मद महताब आलम प्रमुख रूप से शामिल थे।