मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर में खेल विश्वविद्यालय की नई सुविधाओं का किया लोकार्पण

Written by Subhash Rajak

Published on:

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तैयारियों और बिहार पुलिस अकादमी का लिया जायजा

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राजगीर स्थित राजगीर खेल अकादमी-सह-खेल विश्वविद्यालय में नवनिर्मित खेल सुविधाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने इंडोर हॉल संख्या-2, बास्केटबॉल कोर्ट, हैंडबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट और हॉकी प्रैक्टिस टर्फ का शिलापट्ट अनावरण कर फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने इन सभी खेल स्थलों का निरीक्षण किया और गुब्बारा उड़ाकर समारोह की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें अभ्यास में पूरी मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने वहां के ब्वॉयज और गर्ल्स हॉस्टल में दी जा रही सुविधाओं के साथ-साथ राज्य खेल अकादमी की अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आगामी खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन खेल मैदान और ट्रैक का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने बिहार पुलिस अकादमी का दौरा किया। उन्होंने वहां बने स्वीमिंग पूल, मॉडल थाना और पासिंग आउट परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों द्वारा पुलिस की वर्दी सिलाई केंद्र का भी जायजा लिया और उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला में पहले से कार्यरत तीन लैब की जानकारी ली और चौथे लैब की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार पुलिस अकादमी का निर्माण अत्याधुनिक सुविधाओं से किया गया है और यहां प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के प्रशिक्षण को व्यवस्थित ढंग से जारी रखा जाए।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री व नालंदा जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक कौशल किशोर, विधायक कृष्णमुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, पूर्व विधायक ई. सुनील सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, खेल विश्वविद्यालय के कुलपति शिशिर सिन्हा, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, भवन निर्माण निगम के महानिदेशक आलोक राज, पुलिस अकादमी की निदेशक आर. मल्लार विजी, सचिव अनुपम कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरबड़े, खेल निदेशक महेंद्र कुमार, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।

Leave a Comment