बिहार अनुसचिवीय कर्मचारी संघ ने तीन दिवसीय काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध, 9 सूत्री मांगों को लेकर सरकार से वार्ता की मांग

Written by Subhash Rajak

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ। बिहार अनुसचिवीय कर्मचारी संघ की राज्य सामान्य परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में नालंदा जिले के अनुसचिवीय कर्मचारियों ने 9 सूत्री मांगों को लेकर 23 जून 2025 से 25 जून 2025 तक प्रखंड एवं जिला कार्यालय के समक्ष काला बिल्ला लगाकर सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान बिहार अनुसचिवीय कर्मचारी संघ, नालंदा के जिलामंत्री श्री अरविंद कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि लिपिकों के बीच व्याप्त वेतन विसंगतियों को दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि चूंकि लिपिकों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट है, इसलिए निम्न वर्गीय लिपिक का ग्रेड पे 2800 (लेवल-5), उच्च वर्गीय लिपिक का ग्रेड पे 4200 (लेवल-6), प्रधान लिपिक का ग्रेड पे 4800 (लेवल-8) तथा सहायक प्रशासनिक पदाधिकारी का ग्रेड पे 5400 (लेवल-9) निर्धारित किया जाए।

इसके साथ ही संघ ने यह भी मांग की कि लिपिकों का राज्य स्तरीय संवर्ग बनाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। एम.ए.सी.पी. के अंतर्गत प्रोन्नति में उच्चतर पद का वेतन स्तर (पे लेवल) प्रदान किया जाए। पहले की तरह लिपिकों को बिहार प्रशासनिक सेवा में 25 प्रतिशत पदों पर पदोन्नति का अवसर दिया जाए। समाहरणालय कर्मियों एवं उनके आश्रितों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा 50 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा लागू किया जाए। नई पेंशन योजना को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए।

जिलामंत्री संजय कुमार और महासंघ के जिलाध्यक्ष जयवर्धन ने कहा कि लिपिक संवर्ग में वेतन विसंगति का मुद्दा वर्षों से लंबित है, जिसे अविलंब सुलझाने की आवश्यकता है। उन्होंने कृषि एवं स्वास्थ्य विभाग के लिपिकों को राज्य संवर्ग में शामिल किए जाने का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ इस फैसले का कड़ा विरोध करता है। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि संघ के शिष्टमंडल से सम्मानजनक वार्ता कर इस आंदोलन का समाधान निकाला जाए।

इस अवसर पर श्रीमती ज्योति सिंह (संयोजिका, जिला महासंघ, नालंदा), सुश्री पूजा कुमारी, श्रीमती खुशबू कुमारी, श्रीमती ज्योति कुमारी, सुश्री निशा रानी, श्रीमती श्वेता कुमारी, श्रीमती पार्वती गुप्ता, श्री महेश चौधरी, श्री एस.एम. ओरुज, श्री राज कुमार, श्री प्रदीप कुमार सिन्हा, श्री अमित कुमार, श्री बृंद कुमार, श्री धीरज कुमार (कोषाध्यक्ष, जिला महासंघ, नालंदा), श्री पुष्प राज, श्री धनंजय कुमार, श्री अखिलेश कुमार, श्री राजू कुमार समेत कई अन्य अनुसचिवीय कर्मचारी उपस्थित थे। सभी ने सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध किया।

Leave a Comment