संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को झूठ और फरेब करार देते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह फ्लॉप साबित हो चुकी है। विपक्ष को पहले से ही हार का अंदेशा है, इसलिए हार का ठीकरा फोड़ने के लिए वे चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को निशाना बना रहे हैं।
शाहनवाज मंगलवार को मेहनौर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष सह क्षेत्रीय प्रभारी राजेंद्र सिंह, क्षेत्रीय सह प्रभारी जितेंद्र नीरज और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद थे।
राहुल गांधी की यात्रा पर हमला
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि वह राहुल गांधी की यात्रा के पीछे-पीछे जाकर उनकी पोल खोल रहे हैं। इस यात्रा को जनता का कोई समर्थन नहीं मिल रहा है, केवल टिकट की तलाश में घूमने वाले ‘चुनाव जीवी’ ही इसके साथ चल रहे हैं।
“जननायक सिर्फ कर्पूरी ठाकुर”
उन्होंने राहुल गांधी को ‘जननायक’ बताए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर का अपमान है। बिहार में केवल कर्पूरी ठाकुर ही जननायक हैं। राहुल गांधी को जननायक कहना बिहार की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि नवादा यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने शहीद भगत सिंह और श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण तक नहीं किया।
सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा
विपक्ष पर हमला करने के साथ-साथ शाहनवाज ने केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि बिहार में 3 लाख करोड़ की लागत से एक्सप्रेसवे बन रहे हैं, पटना और दरभंगा एयरपोर्ट के बाद अब पूर्णिया से भी उड़ानें शुरू होंगी। बिहार को 10 वंदे भारत, नमो भारत और 6 अमृत भारत ट्रेनें मिली हैं।
नालंदा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राजगीर का ग्लास ब्रिज, जू सफारी और नेचर सफारी पर्यटन को नई ऊंचाई दे रहा है। राजगीर में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी निर्माणाधीन है और बिहारशरीफ में हिरण्य पर्वत का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।
22 अगस्त को गया में पीएम मोदी की सभा
शाहनवाज ने घोषणा की कि 22 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गया में एक ऐतिहासिक जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने नालंदा की जनता से अपील की कि वे भारी संख्या में गया पहुंचकर इस सभा को ऐतिहासिक बनाएं।
तेजस्वी पर तंज
राजद पर कटाक्ष करते हुए शाहनवाज ने कहा कि तेजस्वी यादव माइक मिलते ही जोश में आ जाते हैं, लेकिन पहले उन्हें अपने भाई तेज प्रताप यादव के सवालों का जवाब देना चाहिए, जो खुद इस यात्रा से सहमत नहीं हैं। जब परिवार में ही एकता नहीं है तो जनता उन पर कैसे विश्वास करेगी।
प्रेस वार्ता में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे जिनमें प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश्वर प्रसाद सिंह, जिला उपाध्यक्ष साबो देवी, डॉ. अशुतोष कुमार, शैलेन्द्र कुमार, अरविंद पटेल, नीरज कुमार डब्ल्यू, जिला महामंत्री विरेंद्र गोप, शिवरतन प्रसाद, जिला मंत्री अमरेश कुमार, राजू माहुरी, रंजू कुमारी, प्रवीण कुमार सिंह, कार्यालय मंत्री गोपाल कुमार, सोनू कुमार हिंदू, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास कुमार कुशवाहा, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष मणिकांत पासवान, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष निशा रानी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास कुमार चंद्रवंशी, सभी मंडल अध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी, विस्तारक एवं सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।