संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)। मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत 01 जुलाई 2025 से राज्य के सभी विद्युत उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट तक बिजली खपत पर किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं देने के संबंध में मंगलवार को उपभोक्ता संवाद का सीधा प्रसारण टाउन हॉल, बिहारशरीफ में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिला पदाधिकारी नालंदा कुंदन कुमार, बिहार विधान परिषद की सदस्य रीना यादव, अस्थावां विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार, राजगीर विधायक कौशल किशोर, बिहारशरीफ नगर निगम की महापौर अनीता देवी, जिला परिषद अध्यक्ष तनुजा कुमारी, नगर आयुक्त दीपक मिश्रा एवं उप विकास आयुक्त श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर नई खंदक, बिहारशरीफ की निवासी एवं योजना की लाभुक श्रेया ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद करते हुए 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस योजना से होने वाली बचत को वे अपनी पढ़ाई और घर के खर्च में उपयोग करेंगी। उन्होंने इसे “वरदान से कम नहीं” बताया।
नालंदा जिले में कुल 4,10,808 घरेलू विद्युत उपभोक्ता हैं, जिनमें से 92,011 बी.पी.एल. श्रेणी के हैं। अगस्त 2025 में 3,57,402 उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य रहा, जो कुल उपभोक्ताओं का 87 प्रतिशत है। इसमें सभी बी.पी.एल. उपभोक्ताओं का बिल पूर्णतः शून्य है।
कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता, विद्युत आपूर्ति अंचल, बिहारशरीफ, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), विद्युत विभाग के पदाधिकारी-कर्मी एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपभोक्ता उपस्थित थे।