मेयार गांव में जन सुराज पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन, पूनम सिन्हा ने चलाया जनसंपर्क अभियान

Written by Subhash Rajak

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। राजगीर प्रखंड अंतर्गत मेयार पंचायत के मेयार गांव में मंगलवार को जन सुराज पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जन सुराज पार्टी की महिला विंग की जिलाध्यक्ष एवं नालंदा विधानसभा क्षेत्र से संभावित प्रत्याशी पूनम सिन्हा ने कहा कि बिहार में अब परिवर्तन की आवश्यकता है और जनता भी बदलाव के मूड में है। उन्होंने कहा कि एनडीए और इंडिया गठबंधन की सरकारों से बिहार की जनता पूरी तरह से ऊब चुकी है। राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है, अपराध की घटनाएं प्रतिदिन घट रही हैं और शासन-प्रशासन पूरी तरह विफल हो चुका है।

पूनम सिन्हा ने कहा कि, “बिहार में कानून का राज नाम की कोई चीज नहीं बची है। सरकार अब सिर्फ भगवान भरोसे चल रही है।” उन्होंने जनता से अपील की कि वे जन सुराज पार्टी को मौका दें ताकि एक बेहतर, पारदर्शी और जवाबदेह शासन स्थापित किया जा सके।

इस अवसर पर पार्टी के जिला अध्यक्ष अरविंद प्रसाद उर्फ बिन्दा बाबू, संजीव कुमार, सुनील कुमार, मोहित सिंह समेत अनेक समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच जन सुराज के विचारों को फैलाने की प्रतिबद्धता जताई।

सम्मेलन में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीतिक चर्चा की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने और जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का संकल्प लिया।

कार्यकर्ता सम्मेलन के पश्चात पूनम सिन्हा ने गांव में जनसंपर्क अभियान भी चलाया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया और जन सुराज पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे एक बार बदलाव के लिए जन सुराज पार्टी को मौका दें।

Leave a Comment