बिहारशरीफ में इंडिया गठबंधन की समन्वय बैठक, जिला से बूथ स्तर तक समितियों के गठन का फैसला

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ।रविवार को बिहारशरीफ के बड़ी पहाड़ी स्थित राष्ट्रीय जनता दल कार्यालय में इंडिया गठबंधन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गठबंधन के घटक दलों राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, विकासशील इंसाफ पार्टी, भाकपा माले तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए जिला से लेकर बूथ स्तर तक समन्वय समिति के गठन पर चर्चा करना था।

बैठक की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष एवं इंडिया गठबंधन के नालंदा संयोजक अशोक कुमार ‘हिमांशु’ ने की। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर गठबंधन के सभी घटक दलों की सहभागिता से जिला, प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक समन्वय समितियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 17 महीने के उपमुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान किए गए उल्लेखनीय कार्यों, जैसे कि पांच लाख नौकरियों की प्रक्रिया और साढ़े चार लाख नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने जैसे मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा।

इस अवसर पर कांग्रेस के जिला प्रभारी सागर पाटिल ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान खतरे में है, और नागपुरिया इशारों पर संविधान को कुचलने की साजिश रची जा रही है, जिसे इंडिया गठबंधन कभी सफल नहीं होने देगा।

बैठक में कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामनरेश अकेला, विकासशील इंसाफ पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र बिंद एवं विजय बिंद, भाकपा माले के पाल बिहारी लाल एवं सुरेंद्र राम, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राजकिशोर प्रसाद एवं शिवकुमार यादव, राजद के प्रधान महासचिव सुनील यादव, खुर्शीद अंसारी, पप्पू यादव, धनंजय प्रसाद, मनोज यादव, फारूक आज़म, तथा सभी प्रखंड अध्यक्ष एवं पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि इंडिया गठबंधन के नेता संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए एकजुट हैं, और आने वाले चुनावों में जनविरोधी ताकतों को करारा जवाब देंगे। सभी दलों ने मिलकर संगठन को ज़मीनी स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।

Leave a Comment